क्या है 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान, देश के लिए शहीद हुए वीरों को इस अंदाज में किया जाएगा याद

स अभियान में वीरों को याद करने के लिए देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनकी स्मृति में ग्राम पंचायतों में शिलाफलकम (स्मारक पट्टिका) स्थापित किए जाएगे। यह अभियान ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का समापन कार्यक्रम है।

meri maati mera desh

meri maati mera desh

Meri Mati Mera Desh: पिछले साल आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ की तर्ज पर इस वर्ष देशव्यापी ‘मेरी माटी मेरा देश’ शुरू हो रहा है। देश के लिए अपना जीवन न्यौछावर करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज 9 अगस्त 2023 से देशव्यापी ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान का शुभारंभ हो रहा है। 9 अगस्त से लेकर 30 अगस्त, 2023 तक चलने वाले ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान में गांव एवं प्रखंड स्तर, स्थानीय शहरी निकायों के साथ-साथ राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम शामिल होंगे।

देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे

इस अभियान में वीरों को याद करने के लिए देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनकी स्मृति में ग्राम पंचायतों में शिलाफलकम (स्मारक पट्टिका) स्थापित किए जाएगे। यह अभियान ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का समापन कार्यक्रम है। आजादी का अमृत महोत्सव का शुभारंभ 12 मार्च, 2021 को किया गया था और इसमें देश भर में दो लाख से अधिक कार्यक्रमों के साथ व्यापक जनभागीदारी देखी गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान इस अभियान की घोषणा की थी। इस अभियान का उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों का नमन करना है, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।

स्वतंत्रता सेनानियों और सुरक्षा बलों को समर्पित कार्यक्रम

इस अभियान में स्वतंत्रता सेनानियों और सुरक्षा बलों को समर्पित शिलाफलकम की स्थापना जैसे कार्यक्रमों के साथ-साथ पंच प्रण संकल्प, वसुधा वंदन, वीरों का वंदन जैसी पहल शामिल होंगी, जो हमारे बहादुरों के वीरतापूर्ण बलिदानों को नमन करेंगी। गांव, पंचायत, प्रखंड, कस्बे, शहर, नगर पालिका आदि के स्थानीय वीरों के बलिदान की भावना को सलाम करने वाली शिलाफलकम या स्मारक पट्टिकाएं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगाई जानी हैं। इसमें उस क्षेत्र से संबंधित उन लोगों के नाम के साथ प्रधानमंत्री का संदेश होगा, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन न्यौछावर किया है।
दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ बनाने के लिए 7500 कलशों में देश के कोने-कोने से मिट्टी लेकर 'अमृत कलश यात्रा' निकाली जाएगी। यह 'अमृत वाटिका' 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक होगी।

मिट्टी या मिट्टी का दीपक पकड़कर सेल्फी अपलोड कर सकेंगे

जन-भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए एक वेबसाइट, https://merimaatimeradesh.gov.in का भी शुभारंभ किया गया है जहां लोग मिट्टी या मिट्टी का दीपक पकड़कर सेल्फी अपलोड कर सकते हैं। ऐसा करके वे भारत को एक विकसित देश बनाने, गुलामी की मानसिकता को खत्म करने, हमारी समृद्ध विरासत पर गर्व करने, एकता एवं एकजुटता बनाए रखने, नागरिक के रूप में कर्तव्यों को पूरा करने और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए पंच प्रण का संकल्प लेंगे। एक बार संकल्प लेने के बाद, भागीदारी का एक डिजिटल प्रमाणपत्र वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा अभियान

यह देशव्यापी अभियान 9 अगस्त से शुरू होगा और विभिन्न निर्धारित कार्यक्रमों के साथ 15 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस तक चलेगा। इसके बाद के कार्यक्रम 16 अगस्त 2023 से प्रखंड, नगर पालिका/निगम और राज्य स्तर पर होंगे। समापन समारोह 30 अगस्त, 2023 को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में निर्धारित है। ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों की जानकारी के लिए https:// yuva.gov.in पोर्टल को देखा जा सकता है।

‘हर घर तिरंगा’ 13 से 15 अगस्त, 2023 तक आयोजित होगा

पिछले वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम सभी की भागीदारी के कारण शानदार रूप से सफल रहा था। इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा’ 13 से 15 अगस्त, 2023 के बीच मनाया जाएगा। भारतीय नागरिक हर जगह राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं, तिरंगे के साथ सेल्फी ले सकते हैं और उसे हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड कर सकते हैं।
‘मेरी माटी मेरा देश’ की वेबसाइट https://merimaatimerakesh.gov.in है। पोर्टल https:// yuva.gov.in को भी देखा जा सकता है। ‘हर घर तिरंगा’ का वेबसाइट https://hargarhtiranga.com है। (PIB Input)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited