Ram Mohan Naidu: तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे नरेंद्र मोदी की कैबिनेट को लेकर गहमा-गहमी बनी हुई है। शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नितिन गडकरी, ललन सिंह जैसे कई नामों की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन जब तक कुछ भी आधिकारिक न हो सबकुछ अंधेरे में तीर चलाने जैसा है। इस बीच लोकसभा चुनाव में बीजेपी की सहयोगी पार्टी तेलुगु देशम पार्टी ने दो नामों की पुष्टि कर दी है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि उनके कोटे से दो सांसद मंत्री बनेंगे, जिसमें राम मोहन नायडू किंजरापु और चंद्रशेखर पेम्मासानी का नाम शामिल है। जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय राम मोहन नायडू कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे, वे अबतक के सबसे कम उम्र के कैबिनेट मंत्री होंगे। वहीं, पेम्मासानी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पद की शपथ लेंगे। ऐसे में आइए जानते हैं नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री बनने जा रहे 36 साल के राम मोहन नायडू के बारे में... कौन हैं राम मोहन नायडू? राम मोहन नायडू पूर्व केंद्रीय मंत्री व टीडीपी नेता येरन नायडू के बेटे हैं। राम मोहन नायडू का जन्म निम्माडा में 18 दिसंबर, 1987 को हुआ था। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने आरकेपुरम के दिल्ली पब्लिक स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग की ओर लॉन्ग आईलैंड से एमबीए किया। हालांकि, 2012 के कार हादसे में पिता के निधन के बाद नायडू भारत लौट आए और पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय हो गए। लगातार तीन बार सांसद राम मोहन नायडू 2014 के लोकसभा चुनाव में श्रीकाकुलम से सांसद चुने गए, उस समय उनकी उम्र 26 साल थी। 16वीं लोकसभा में वे दूसरे सबसे कम उम्र के सांसद बने। इसके बाद वे 2019 में भी सांसद चुने गए और 2024 में भी चुनाव जीतकर लगातार तीसरी बा संसद पहुंचे। टीपीडी चीफ के करीबियों में होती है गिनती राम मोहन यडू की गिनती टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू के करीबियों में होती है। इस वक्त नायडू टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। 2020 में राम मोहन नायडू को संसद रत्न पुरस्कार भी मिल चुका है। वह संसद की कृषि, पशुपालन, रेलवे, गृह मामलों, पर्यटन एवं संस्कृति समेत कई समितियों में शामिल रह चुके हैं।