कहां और किस हाल में है 15 अगस्त 1947 को फहराया गया पहला तिरंगा झंडा

History of Tiranga: 15 अगस्त 1947 को जो तिरंगा फहराया गया था, वो दिल्ली में नहीं है। क्या आप जानते हैं कि जिस दिन भारत को आजादी मिली थी, उस दिन सुबह साढ़े 5 बजे जो तिरंगा फहराया गया था, वो कहां रखा है, उसका आकार कैसा है, वो तिरंगा किस कपड़े से बना है, फिलहाल वो कैसा दिखता है?

01 / 05
Share

15 अगस्त 1947 को फहराया गया जो तिरंगा

चेन्नई के सदियों पुराने फोर्ट सेंट जॉर्ज क्षेत्र में स्थित एक संग्रहालय की अमूल्य संपत्तियों में एक पुराना भारतीय तिरंगा भी है, जिसे 15 अगस्त, 1947 को स्वतंत्र भारत के जन्म के समय फहराए जाने का दुर्लभ गौरव प्राप्त है। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार फोर्ट संग्रहालय में रखा यह तिरंगा शुद्ध रेशम का बना है और 3.5 मीटर लंबा तथा 2.4 मीटर चौड़ा है।

02 / 05
Share

कितने बजे फहराया गया था ये तिरंगा?

मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि 'यह 1947 में फहराए गए तिरंगे झंडो में से बचा हुआ भारत का एकमात्र ध्वज है। यह ध्वज उस संपूर्ण संघर्ष का प्रमाण है, जो भारतीयों ने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किया था।' मंत्रालय ने कहा कि यह ध्वज 15 अगस्त, 1947 को फोर्ट सेंट जॉर्ज में सुबह 5.30 बजे फहराया गया था।

03 / 05
Share

क्यों किले का नाम पड़ा था सेंट जॉर्ज फोर्ट?

कोरोमंडल तट के साथ साथ चेन्नई के एक छोर पर स्थित इस किले की उत्पत्ति संबंधी जानकारी शहर के इतिहास से जुड़ी हुई है। तमिलनाडु पर्यटन विभाग की वेबसाइट के अनुसार, यह किला 23 अप्रैल, 1644 को सेंट जॉर्ज डे पर बनकर तैयार हुआ था, जिसे बाद में सेंट जॉर्ज फोर्ट नाम दिया गया। इस किले के अस्तित्व में आने के साथ ही जार्ज टाउन नामक एक नयी बस्ती का जन्म हुआ जिसमें आसपास के गांव भी शामिल किए गए और बाद में यही बस्ती मद्रास यानि के आधुनिक समय का चेन्नई कहलाई।

04 / 05
Share

दीवारों ने कई हमलों का किया है सामना

उस समय सत्ता का महत्वपूर्ण केंद्र रहे इस किले की छह मीटर ऊंची दी़वारों ने अठारहवीं सदी में कई हमलों का सामना किया। वेबसाइट के अनुसार, फोर्ट सेंट जार्ज किले का मुख्य आकर्षण इसका संग्रहालय है जिसे फोर्ट म्यूजियम कहा जाता है। इसमें बहुत ही व्यवस्थित दीर्घाओं में प्राचीन वस्तुओं का विविधतापूर्ण संग्रह है। तीन तलों पर दस दीर्घाओं में आधुनिक भारतीय इतिहास के विभिन्न दौर की 3,661 कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है।

05 / 05
Share

जब आमजन के लिए खोला गया था फोर्ट म्यूजियम

संस्कृति मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि संग्रहालय में भारतीय स्वतंत्रता गैलरी भारतीय ध्वज के विकास और राष्ट्रीय ध्वज के पीछे की कहानियों को भी प्रदर्शित करती है। फोर्ट म्यूजियम को 31 जनवरी 1948 को जनता के लिए खोला गया था।