Asian Games 2023: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को रौंदा, दर्ज की लगातार दूसरी जीत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में अपना धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मलेशिया को को 6-0 के अंतर से रौंद दिया।

Indian Womens Hockey Team

भारतीय महिला हॉकी टीम

तस्वीर साभार : भाषा
हांगझोउ: भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में अपना दबदबा कायम करते हुए मलेशिया को 6-0 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने पूल ए के इस मैच के शुरुआती क्वार्टर में ही चार गोल दाग कर मलेशिया पर दबाव बना दिया। मोनिका (सातवें मिनट) ने भारत का खाता खोला जिसके बाद उप-कप्तान दीप ग्रेस एक्का (आठवें), नवनीत कौर (11वें), वैष्णवी विट्ठल फाल्के (15वें), संगीता कुमारी (24वें) और लालरेम्सियामी (50वें) ने भी गोल किये।

लगातार दूसरे मैच में दर्ज की धमाकेदार जीत

सिंगापुर पर 13-0 की जीत के बाद आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम अपनी लय बरकरार रख कर पूरे मैच के दौरान मलेशिया पर हावी रही। मोनिका ने सातवें मिनट में मैदानी गोल करके भारत का खाता खोला जबकि दीप ग्रेस ने एक मिनट के बाद पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। मैच के 10वें मिनट में लालरेमसियामी का शॉट गोल पोस्ट के बाहर से निकल गया। इसके एक मिनट के बाद दीप ग्रेस रिवर्स शॉट लगाने में विफल रही लेकिन नवनीत के सर्कल के अंदर शानदार खेल के दम पर भारतीय टीम को 3-0 से आगे कर दिया।|

24वें मिनट में भारत ने हासिल कर ली थी 5-0 की बढ़त
टीम को 15वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और वैष्णवी ने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। संगीता ने मैच के 24वें मिनट में भारतीय टीम को 5-0 से आगे कर दिया। नेहा गेंद को लेकर डी के अंदर पहुंची और उन्होंने गेंद संगीता को दे दी। संगीता ने रिवर्स हिट से गोल कर दिया। टीम को 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन दीपिका के प्रयास पर मलेशिया की गोलकीपर एबी मशिताह ने बेहतरीन बचाव किया। मध्यांतर से पहले भारत को एक और ऐसा मौका मिला लेकिन टीम ने इसे भी जाया कर दिया। मध्यांतर के बाद मलेशिया की टीम ने अपने खेल में काफी सुधार किया। टीम ने अपना रक्षण मजबूत करने के साथ भारत के खिलाफ आक्रमण को तेज किया।

अगले मैच में द. कोरिया से होगा सामना

मैच के 38वें मिनट में दीपिका ने रिवर्स हिट पर गोल किया लेकिन वीडियो अंपायर ने इसे खारिज कर दिया क्योंकि शॉट लगाते समय वह सर्किल से बाहर थी। इसके बाद टीम को एक के बाद एक कई पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन उसने सभी मौके गंवा दिये। मैच के 50 मिनट में लालरेमसियामी के मैदानी गोल ने भारतीय टीम को 6-0 से आगे कर दिया। भारत के पास इसके बाद इस बढ़त को बढाने का मौका था। टीम ने दो पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किये लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ। भारतीय टीम अपने अगले पूल मैच में रविवार को कोरिया का सामना करेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | स्पोर्ट्स (sports News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited