आईपीएल 2023 के पहले मैच में जियो सिनेमा ने लगाई व्युअरशिप रिकॉर्ड्स की झड़ी

इंडियन प्रीमियर लीग का पहली बार प्रसारण कर रहे जियो सिनेमा ने आईपीएल 2023 के पहले ही दिन चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान व्युअरशिप के कई नए रिकॉर्ड कायम किए।

MS-Dhoni-Hardik-Pandya

एमएस धोनी और हार्दिक पांड्या(साभार IPL/BCCI)

मुंबई: आईपीएल का डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारण कर रहे जियो सिनेमा ने सीजन के चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए सीजन के पहले मुकाबले में व्युअरशिप रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। 12 भाषाओं में 4K प्रसारण के साथ मैदान में उतरे जियो सिनेमा को आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में 6 करोड़ व्युअर मिले। वहीं जियो सिनेमा ऐप के नाम एक ही दिन में रिकॉर्ड संख्या में डाउनलोड का रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

एक दिन में किया गया 2.5 करोड़ बार डाउनलोड

रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल 2023 के पहले ही दिन जियो सिनेमा के ऐप को 2.5 करोड़ लोगों ने डाउनलोड किया। ये एक ही दिन में किसी ऐप के डाउनलोड किए जाने का नया रिकॉर्ड है। आईपीएल 2023 का पहला मुकाबला जियो ऐप पर देखा जाने वाला सबसे बड़ा कार्यक्रम बन गया है। 6 करोड़ से ज्यादा यूनिक यूजर्स ने शुक्रवार को चेन्नई और गुजरात के बीच खेला गया मैच जियो पर देखा। जिसमें एक समय में 1.6 करोड़ दर्शक एक साथ मैच का लुत्फ उठा रहे थे। जियो आईपीएल का प्रसारण मुफ्त में कर रहा है। इसके लिए किसी भी यूजर को पैसे नहीं देने पड़ रहे हैं। इससे पहले हॉटस्टार इसका प्रसारण करता था।

भोजपुरी की कमेंट्री ने बटोरी सुर्खियां
भारत में क्रिकेट के डिजिटल मार्केट कितना बड़ा हो गया है इसका मुजाहिरा आईपीएल 2023 के पहले दिन देखने को मिला। जियो सिनेमा को पहले दिन कुल 50 करोड़ व्यूज मिले जिसमें से 6 करोड़ यूनिक व्यूज थे। आईपीएल का इंग्लिश, हिंदी, तमिल, कन्नड, मलयालम, तेलुगू, भोजपुरी, मराठी, उड़िया, पंजाबी, बांग्ला, गुजराती भाषाओं में प्रसारण किया। भोजपुरी की कमेंट्री के साथ हुए प्रसारण ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी। सोशल मीडिया पर भोजपुरी की कमेंट्री वायरल हो गई। पहली बार भोजपुरी में आईपीएल की कमेंट्री हो रही है। जिसे यूपी बिहार के दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (sports News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वो मूल रूप से मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के रहने वाले हैं। इनके पास ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited