धोनी के रिटायरमेंट का इस गेंदबाज को हुआ सबसे बड़ा नुकसान, खुद कबूली बात

एमएस धोनी को न केवल फैंस बल्कि उनके साथी खिलाड़ी भी खूब मिस करते हैं। उन्होंने विकेट के पीछे से न केवल टीम इंडिया के लिए कई मैच बनाए हैं, बल्कि साथी खिलाड़ी के करियर को भी नई ऊचाईयां देनें में मदद की है। ऐसे ही एक साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव उन्हें खूब मिस करते हैं।

ms dhoni with kuldeep Yadav

एमएस धोनी और कुलदीप यादव (साभार-X)

भारत के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी ने विकेट के पीछे से न केवल कई मैच बनाए हैं, बल्कि उन्होंने कई खिलाड़ियों के करियर को भी संवारा है। एमएस धोनी ने वर्ल्ड कप 2019 के बाद 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, रिटायरमेंट के बाद भी फैंस के बीच उनकी दीवानगी में कोई कमी नहीं आई है। इसके उलट फैंस के बीच उनका क्रेज और भी बढ़ गया है।
फैंस हर साल आईपीएल का इंतजार करते हैं तो उसके पीछे सबसे बड़ा कारण धोनी को खेलते देखना है। ऐसे में धोनी भी उन्हें निराश नहीं करते हैं। पिछले सीजन उनके बल्ले से भले ही केवल 100 रन निकले हों, लेकिन उन्होंने 180 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर यह दिखा दिया था कि शेर बूढ़ा नहीं होता।

क्या धोनी का आखिरी सीजन है ये?

हर साल की तरह इस बार भी धोनी के फैंस को यह चिंता सता रही है कि क्या यह सीजन धोनी का आखिरी होगा। फैंस चाहते हैं कि वह और खेलें और उन्हें एंटरटेन करते रहें। फैंस ही क्यों बल्कि उनके साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव भी चाहते हैं कि धोनी ज्यादा से ज्यादा खेलें। हालांकि, वह अपने कप्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खूब मिस करते हैं।

धोनी के रिटायरमेंट के बाद प्रदर्शन में गिरावट

इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए एक इंटरव्यू में कुलदीप यादव ने माना कि वह धोनी को सबसे ज्यादा मिस करते हैं। उन्होंने कहा "मैं चाहता था कि धोनी भाई और खेलें क्योंकि जब वो थे तो विकेट के पीछे से उनके निर्देश से गेंदबाजी आसान लगती थी। उनके संन्यास लेने के बाद, मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं था, ऐसा तब होता है जब कोई व्यक्ति आपका मार्गदर्शन करता है और बाद में आपको वह मार्गदर्शन नहीं मिलने लगता है। अचानक सब कुछ आपके कंधों पर आ जाता है- इसे अपनाने में समय लगता है, जो शायद मेरे साथ हुआ था, फिर धीरे-धीरे आप समझ जाते हैं और आत्मनिर्भर बन जाते हैं।''
इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज में कुलदीप ने अपनी गेंदबाजी से बैजबॉल को खूब परेशान किया था। उन्होंने 4 मैच में 19 विकेट चटकाए थे। टी20 वर्ल्ड कप ऑडिशन में शामिल कुलदीप के लिए आईपीएल में भी अच्छा करने की चुनौती होगी। वह दिल्ली कैपिटल्स की टीम का अहम हिस्सा हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (sports News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited