विराट कोहली ने शतक के साथ मनाया 35वां जन्मदिन, की सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

Virat Kohli's $9th ODI Century: विराट कोहली ने विश्व कप 2023 में कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का 49वां शतक अपने 35वें जन्मदिन के मौके पर पूरा किया और सचिन के वनडे में शतकीय महारिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

Virat Kohli Century

विराट कोहली

कोलकाता:विराट कोहली के बल्ले का जादू विश्व कप 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी जारी रहा। अपने 35वें जन्मदिन का जश्न विराट ने खचाखच भरे ऐतिहासिक इडेन गार्डन्स पर वनडे करियर का 49वां और वनडे विश्व कप का दूसरा शतक जड़कर मनाया। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर विराट ने सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 119 गेंद पर शतक 10 चौकों की मदद से पूरा कर लिया। इसके साथ ही वो वनडे में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर पहुंच गए। विराट 121 गेंद पर 101 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी शतकीय पारी की बदलौत भारतीय टीम द. अफ्रीका के खिलाफ 5 विकेट पर 326 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

277वीं पारी में जड़ा 49वां वनडे शतक
विराट कोहली ने वनडे करियर का 49वां शतक अपने 289वें मैच की 277वीं पारी में पूरा किया। सचिन तेंदुलकर ने 49वां शतक बांग्लादेश के खिलाफ साल 2012 में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा था। वो सीरीज सचिन के करियर की आखिरी वनडे सीरीज साबित हुई थी। विराट कोहली सचिन तेंदुलकर की उस आखिरी वनडे सीरीज का हिस्सा रहे थे। सचिन तेंदुलकर को 49 शतक जड़ने के लिए 452 पारियां खेलनी पड़ी थी।

जन्मदिन पर वनडे शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय
विराट कोहली ने अपने जन्मदिन के मौके पर शतक जड़ने के कारनामा कर दिखाया है। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय हैं। विनोद कांबली ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने 1993 में श्रीलंका के खिलाफ ये कारनामा किया था। उसके बाद सचिन तेंदुलकर ने साल 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शारजाह में शतकीय धमाल अपने जन्मदिन के मौके पर किया था। उसके 25 साल बाद कोई भारतीय प्लेयर वनडे में अपने जन्मदिन पर शतक जड़ने में सफल हुआ है।

विश्व कप पहली बार पार किया 500+ रन का आंकड़ा

विराट कोहली ने विश्व कप 2023 में अपनी दूसरी शतकीय पारी के दौरान 500 रन के आंकड़े को पार किया। विराट तीसरी बार विश्व कप में शिरकत करते हुए इस मुकाम पर पहुंचने में सफल हुए हैं। विराट कोहली के नाम विश्व कप में 8 मैच की 8 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 108.40 के औसत और 88.27 के स्ट्राइक रेट से 542 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं। नाबाद 103 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। वो विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में क्विंटन डिकॉक(545) के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (sports News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वो मूल रूप से मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के रहने वाले हैं। इनके पास ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited