पेरिस ओलंपिक में भारतीय एथलीटों का मनोबल बढ़ाने के लिए गौतम अडाणी ने लॉन्च किया 'देश का गीत' कैंपेन

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 की शुरुआत 26 जुलाई को होगी और इसका समापन 11 अगस्त 2024 को होगा। ओलंपिक की मेजबानी पेरिस में की जाएगी और इस आयोजन में कुल 206 देश भाग लेंगे।

ADANI SONG

गौतम अडाणी ने लॉन्च किया देश का गीत कैंपेन (फोटो- @gautam_adani)

मुख्य बातें
  • इसी साल होगा पेरिस में ओलंपिक 2024 का आयोजन
  • ओलंपिक के लिए भारत करीब 120 एथलीटों को पेरिस भेजेगा
  • अडाणी ग्रुप भारतीय ओलंपिक टीम का प्रमुख स्पॉन्सर है
Paris Olympics 2024: अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने सोमवार को पेरिस ओलंपिक में भारतीय एथलीटों का मनोबल बढ़ाने के लिए देश का गीत कैंपेन शुरू किया। इस दौरान अडाणी ग्रुप ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आशा है कि भारतीय एथलीट पहले से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

क्या बोले गौतम अडाणी

गौतम अडाणी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारत इस आयोजन में अब तक का सर्वश्रेष्ठ पदक हासिल करेगा। उन्होंने इस गाने को ट्वीट करते हुआ लिखा- "जैसा कि हम 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए तैयार हो रहे हैं, मैं उन असाधारण एथलीटों को शुभकामनाएं देता हूं जो दुनिया के सबसे भव्य खेल मंच पर हमारे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनका अथक प्रयास और अटूट समर्पण वास्तव में भारत की नई अदम्य भावना का प्रतीक है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस साल हम अब तक का सबसे ज्यादा पदक हासिल करेंगे। @AdaniOnline इस उल्लेखनीय यात्रा में @WeAreTeamIndia का समर्थन करने के लिए बेहद सम्मानित है। हम सब मिलकर अपने चैंपियन का उत्साहवर्धन करेंगे और #DeshKaGeetAtOlympics की गूंज का बेसब्री से इंतज़ार करेंगे। जय हिंद!"

क्या है अभियान का मकसद

भारतीय ओलंपिक दल के लिए अडाणी समूह द्वारा चलाया जा रहा अभियान उन एथलीटों पर केंद्रित है, जिन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत कर भारत का नाम ऊंचा करने के लिए प्रयासरत हैं। यह अभियान भारतीय एथलीटों के अथक समर्पण को दर्शाता है और दर्शकों के बीच देशभक्ति की भावना को जगाता है। फिल्म में भारत की शीर्ष खेल प्रतिभाओं को दिखाया गया है, जो पेरिस ओलंपिक में जीत के लिए अपना पसीना बहा रहे हैं। फिल्म के लॉन्च पर बोलते हुए, अडाणी स्पोर्ट्सलाइन के सीबीओ संजय अडेसरा ने कहा- "अडाणी स्पोर्ट्सलाइन में, हम अपने चैंपियन एथलीटों को अपनी शुभकामनाएं देते हैं, और आशा करते हैं कि हमें पहले से कहीं अधिक सफलता मिले। अपने कार्यक्रमों की मदद से, हम अपने एथलीटों को खेल में उच्चतम स्तर पर उत्कृष्टता की उनकी खोज में हर तरह से समर्थन देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। जब वे शीर्ष पुरस्कार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो हमें उनका समर्थन करना चाहिए, उनका उत्साहवर्धन करना चाहिए और उन्हें प्रेरित करना चाहिए।"

कई खिलाड़ियों को अडाणी ग्रुप कर चुका है मदद

2016 से, अडाणी समूह ने मुक्केबाजी, कुश्ती, टेनिस, भाला फेंक, निशानेबाजी, दौड़, शॉटपुट, तेज चलना, तीरंदाजी और अन्य खेलों में 28 से अधिक एथलीटों का समर्थन किया है। लाभान्वित होने वालों में राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान रवि कुमार दहिया और दीपक पूनिया और मुक्केबाज अमित पंघाल शामिल हैं। दहिया और पूनिया ने 2020 टोक्यो ओलंपिक और 2023 एशियाई खेलों में रजत पदक भी हासिल किए। समूह ने टोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल को प्रायोजित भी किया। समूह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 और हांग्जो एशियाई खेल 2022 के दलों के साथ आधिकारिक भागीदार के रूप में भी जुड़ा था।

ओलंपिक टीम का प्रमुख स्पॉन्सर

अडाणी ग्रुप भारतीय ओलंपिक टीम का प्रमुख स्पॉन्सर है। अडाणी स्पोर्टलाइन ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों, 2023 एशियाई खेलों और आगामी 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए प्रमुख स्पॉन्सर के रूप में भारतीय टीम के साथ साझेदारी की है। फ्रांस की राजधानी में होने वाले आगामी ओलंपिक खेलों के लिए भारत करीब 120 एथलीटों को पेरिस भेजेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | स्पोर्ट्स (sports News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

शिशुपाल कुमार author

पिछले 10 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करते हुए खोजी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक अपनी समझ विकसित की है। जिसमें कई सीनियर सं...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited