मोरक्को ने पुर्तगाल को हराकर रचा इतिहास, वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पहला अफ्रीकी देश बना
Morocco upsets Portugal in FIFA World Cup: मोरक्को ने शनिवार को फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को 1-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। मोरक्को फीफा विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पहला अफ्रीकी देश बना। मोरक्को की टीम को दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के अंतिम लगभग छह मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
मोरक्को ने पुर्तगाल को हराया
तस्वीर साभार : भाषा
मुख्य बातें
- मोरक्को ने फीफा विश्व कप क्वार्टर फाइनल मैच में पुर्तगाल को 1-0 से मात दी
- मोरक्को फीफा विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पहला अफ्रीकी देश बना
- मोरक्को के लिए अल थुमामा स्टेडियम में यूसुफ एन नेसरी ने विजयी गोल 42वें मिनट में दागा
दोहा: यूसुफ एन नेसरी के हेडर से दागे गोल की बदौलत अंतिम लम्हों में 10 खिलाड़ियों से खेलने के बावजूद मोरक्को शनिवार को यहां पुर्तगाल को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाला पहला अफ्रीकी और अरब देश बना। मोरक्को की टीम को दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के अंतिम लगभग छह मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, लेकिन दुनिया की नौवें नंबर की पुर्तगाल की टीम इसका फायदा नहीं उठा पाई।
दुनिया की 22वें नंबर की टीम मोरक्को के लिए अल थुमामा स्टेडियम में यूसुफ एन नेसरी ने विजयी गोल 42वें मिनट में दागा। मोरक्को का विश्व कप नॉकआउट में यह पहला गोल था। कतर में अंतिम आठ में पहुंचने वाली यूरोप या दक्षिण अमेरिका से बाहर की एकमात्र टीम मोरक्को फुटबॉल के महासमर के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाला पहला अफ्रीकी देश है। इससे पहले कैमरून ने 1990, सेनेगल ने 2002 और घाना ने 2010 में अंतिम आठ में बनाई लेकिन तीनों में से कोई भी टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंची थी।
संबंधित खबरें
टीम ने अब तक अपने अभियान के दौरान सिर्फ एक गोल गंवाया है और वह भी कनाडा के खिलाफ आत्मघाती गोल। पुर्तगाल के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी टीम का डिफेंस अडिग रहा जिसकी अगुआई गोलकीपर यासिन बोनाउ ने की। सेमीफाइनल में अब मोरक्को की भिड़ंत 15 दिसंबर को पूर्व चैंपियन इंग्लैंड और गत चैंपियन फ्रांस के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के विजेता से होगी।
पुर्तगाल की इस हार के बाद यह लगभग तय हो गया है कि पांच विश्व कप में गोल दागने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब विश्व कप ट्रॉफी कभी नहीं उठा पाएंगे। यह 37 वर्षीय खिलाड़ी संभवत: अपना अंतिम विश्व कप खेल रहा था। पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने एक बार फिर पांच बार के ‘साल के दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर’ रोनाल्डो की जगह 21 वर्षीय गोंसालो रामोस को शुरुआती एकादश में शामिल किया जिन्होंने स्विट्जरलैंड के खिलाफ प्री क्वार्टर फाइनल में हैट्रिक दागी थी लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी।
पुर्तगाल की टीम ने मुकाबले में तेज शुरुआत की और दबदबा बनाने का प्रयास किया। टीम को इसका फायदा चौथे ही मिनट में फ्री किक के रूप में मिला लेकिन जोआओ फेलिक्स अपने हेडर से मोरक्को के गोलकीपर यासिन बोनाउ को छकाने में नाकाम रहे। पुर्तगाल ने 13वें मिनट में बाएं छोर से एक और मूव बनाया। रूबेन नेवेस ने गेंद राफेल गुइरेइरो की ओर बढ़ाई लेकिन उनके तेज शॉट को रामोस अपने नियंत्रण में करने में नाकाम रहे।
मोरक्को ने भी इस बीच कुछ मूव बनाए लेकिन टीम को गोल करने में सफलता नहीं मिलीं। फेलिक्स के मूव को अजेदिन ओनाही ने विफल किया लेकिन पुर्तगाल को कॉर्नर हासिल करने से नहीं रोक पाया। ब्रूनो फर्नांडिस ने कॉर्नर लिया लेकिन मोरक्को के डिफेंस ने इस हमले को नाकाम कर दिया। मोरक्को ने इसके बाद मैच का रुख बदला और पलटवार करते हुए 42वें मिनट में बाएं छोर से शानदार मूव बनाया। यूसुफ एन नेसरी ने गोलमुख के सामने आई गेंद को उछलकर हेडर लगाते हुए गोल में पहुंचा दिया। पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने यूसुफ एन नेसरी को रोकने का प्रयास किया लेकिन मोरक्को का खिलाड़ी उनसे अधिक तेज निकला।
अर्जेन्टीना को कुछ मिनटों बाद बराबरी करने का शानदार मौका मिला लेकिन ब्रूनो गोल करने में नाकाम रहे। इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में मोरक्को के पास बढ़त दोगुनी करने का सुनहरा मौका था लेकिन याहिया अतियात अल्लाह का दनदनाता हुआ शॉट गोलकीपर के दाईं ओर से बाहर निकल गया। दूसरे हाफ की शुरुआत विपरीत रही। इस बार मोरक्को की टीम अधिक आक्रामक थी। मैच के 48वें मिनट में अचरफ हकीमी पर पुर्तगाल के कप्तान पेपे के फाउल के लिए मोरक्को को फ्रीकिक मिली। हाकिम जियेश की फ्रीकिक पर यूसुफ एन नेसरी गोलकीपर कोस्टा की गलती के बावजूद गोल नहीं दाग सके।
पुर्तगाल ने 51वें मिनट में रोनाल्डो को मैदान में उतरा और अगले ही मिनट में उन्होंने बाएं छोर से मूव बनाया लेकिन उनके कमजोर शॉट को गोलकीपर बोनाउ ने आसानी से रोक दिया। तीन मिनट बाद पुर्तगाल के एक और प्रयास को बोनाउ ने आसानी से नाकाम किया। रामोस के पास 58वें मिनट में हेडर से गोल दागने का मौका था लेकिन उनका शॉट गोलकीपर के बाईं ओर से बाहर निकल गया।
अर्जेन्टीना की टीम 64वें मिनट में एक बार फिर गोल करने के काफी करीबी पहुंची। ब्रूनो ने गोलमुख के सामने दनदनाता हुआ शॉट मारा लेकिन यह क्रॉस बार के ठीक ऊपर से बाहर निकल गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | स्पोर्ट्स (sports News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल
End of Article
संबंधित खबरें
IND vs BAN: तस्कीन अहमद ने 'एसजी बॉल' के ऊपर फोड़ा बांग्लादेश के खराब प्रदर्शन का ठीकरा
IND vs BAN: 'काश मैं वैसा..' जडेजा संग तुलना पर रविचंद्रन अश्विन ने दिया दिल जीतने वाला बयान
SL vs NZ first Test Day 3: श्रीलंका ने दूसरी पारी में बनाई 202 रन की बढ़त, न्यूजीलैंड के लिए मुश्किल हुई डगर
IND vs BAN: विराट कोहली से हो गई बड़ी गलती, रोहित शर्मा का रिएक्शन वायरल
Womens T20 WC 2024: महिला विश्व कप के शिफ्ट होने से टीम इंडिया को होगा फायदा, मिताली राज ने बताई वजह
© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited