खास है PM मोदी की यह श्रीलंका यात्रा, राष्ट्रपति के रूप में पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष की मेजबानी कर रहे हैं अनुरा, कई क्षेत्रों में होंगे अहम समझौते

PM Modi Srilanka Visit: विदेश मंत्रालय ने पीएम के कोलंबो पहुंचने और उनके स्वागत की तस्वीरें और वीडियो X पर पोस्ट किए। हवाई अड्डे पर पीएम का विशेष स्वागत करने के लिए श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा और मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर सहित पांच शीर्ष मंत्री हवाई अड्डे पर मौजूद रहे।

PM modi srilanka

श्रीलंका दोरे पर प्रधानमंत्री मोदी।

PM Modi Srilanka Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड का अपना दौरा पूरा करने के बाद शुक्रवार शाम पड़ोसी देश श्रीलंका पहुंचे। पीएम यहां तीन दिन रुकेंगे। इस दौरान वह श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ बैठक करने के अलावा कई अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी का यह श्रीलंका दौरा दोनों देशों के रिश्तों को देखते हुए काफी अहम माना जा रहा है। यह इस मायने में भी खास है क्योंकि राष्ट्रपति बनने के बाद अनुरा पहली बार किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष की मेजबानी कर रहे हैं। शनिवार को ही दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय एवं शिष्टमंडल स्तर की वार्ता होगी। बताया जा रहा है कि दोनों देश ऊर्जा, रक्षा, डिजिटलीकरण सहित कई क्षेत्रों में बड़े समझौते कर सकते हैं।

हवाई अड्डे से लेकर होटल तक गर्मजोशी से स्वागत

कोलंबो पहुंचने पर पीएम मोदी का हवाई अड्डे से लेकर होटल तक गर्मजोशी से स्वागत हुआ। भारतीय समुदाय के लोगों और उनके स्वागत को देख पीएम मोदी अभिभूत हो उठे। विदेश मंत्रालय ने पीएम के कोलंबो पहुंचने और उनके स्वागत की तस्वीरें और वीडियो X पर पोस्ट किए। हवाई अड्डे पर पीएम का विशेष स्वागत करने के लिए श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा और मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर सहित पांच शीर्ष मंत्री हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। बैठक के बाद भारत और श्रीलंका द्वारा लगभग 10 क्षेत्रों को लेकर सहमति व्यक्त किये जाने की उम्मीद है, जिनमें रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटलीकरण के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना शामिल है।

सात समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना

प्रधानमंत्री मोदी ने दो देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा, ‘हमारे पास ‘साझा भविष्य के लिए साझेदारी को बढ़ावा देने’ के संयुक्त दृष्टिकोण पर हुई प्रगति की समीक्षा करने और हमारे साझा उद्देश्यों को साकार करने के लिए आगे मार्गदर्शन प्रदान करने का अवसर होगा।’ संयुक्त दृष्टिकोण को तीन महीने पहले श्रीलंकाई राष्ट्रपति की नयी दिल्ली यात्रा के दौरान अपनाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी की श्रीलंका यात्रा के दौरान के घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि रक्षा सहयोग पर समझौता समेत सात समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, इनके अलावा तीन और समझौते भी हो सकते हैं।

रक्षा संबंधों में एक बड़ी पहल का संकेत

उन्होंने बताया कि यदि रक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होते हैं, तो यह भारत-श्रीलंका रक्षा संबंधों में एक बड़ी पहल का संकेत होगा, तथा लगभग 35 वर्ष पहले भारत द्वारा द्वीपीय राष्ट्र से भारतीय शांति सेना (आईपीकेएफ) को वापस बुलाए जाने से संबंधित कटु अध्याय को पीछे छोड़ देगा।

प्रधानमंत्री की श्रीलंका यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब यह द्वीपीय देश आर्थिक संकट से उबरने के संकेत दे रहा है। तीन साल पहले श्रीलंका बड़े आर्थिक संकट से जूझ रहा था और भारत ने उसे 4.5 अरब अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता दी थी।

दो दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने की संभावना

मोदी और दिसानायके के बीच वार्ता के बाद, ऋण पुनर्गठन पर श्रीलंका को भारत की सहायता तथा मुद्रा विनिमय पर भारत की सहायता से संबंधित दो दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने की संभावना है। श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये साक्षात्कार में कहा कि द्वीपीय राष्ट्र को भारत की सहायता दुनिया के किसी भी देश को दी गई सहायता के संदर्भ में ‘अभूतपूर्व’ है। झा ने कहा, ‘यह बहुत बड़ी सहायता थी और हम विभिन्न क्षेत्रों में सहायता प्रदान करने के लिए श्रीलंका के साथ काम करना जारी रख रहे हैं। इसकी यहां बहुत सराहना की जाती है।’

ऐतिहासिक शहर अनुराधापुरा जाएंगे पीएण

उन्होंने कहा, ‘हम उस समझ के तत्वों को आगे बढ़ा रहे हैं और संबंधों में एक नया एजेंडा जोड़ रहे हैं क्योंकि आप सभी जानते हैं कि भारत और श्रीलंका सबसे करीबी समुद्री पड़ोसी हैं।’मोदी और दिसानायके कोलंबो में भारत की सहयाता से बनाई गई कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। दोनों नेता सामपुर सौर ऊर्जा परियोजना के ‘ऑनलाइन’ शिलान्यास के भी साक्षी बनेंगे। मोदी का श्रीलंका के कई नेताओं से भी मिलने का कार्यक्रम है। मोदी और दिसानायके छह अप्रैल को ऐतिहासिक शहर अनुराधापुरा जाएंगे, जहां वे महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दोनों नेता संयुक्त रूप से अनुराधापुरा में भारत की सहायता से तयार दो परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। दुनिया (World News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार राव author

करीब 20 सालों से पत्रकारिता के पेशे में काम करते हुए प्रिंट, एजेंसी, टेलीविजन, डिजिटल के अनुभव ने समाचारों की एक अंतर्दृष्टि और समझ विकसित की है। इ...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited