Agra Circle Rate News: आगरा में पांच साल बाद बदलने जा रहा है सर्किल रेट, जल्द होगी सूची जारी, ये होंगे ​परिवर्तन

Agra Circle Rates News: आगरा शहर में सर्किल रेट की नई सूची तैयार की जा रही है। सर्किट रेट की जुलाई के पहले सप्ताह में नई सूची का प्रकाशन होगा। जुलाई में ही स्टांप की नई दरें लागू की जाएगी। सभी तहसीलों में संपत्तियों का गाटा वार सर्वे पूर्ण कर लिया गया है।

Agra News
आगरा में परिवर्तित हो रही सर्किल रेट में गाटा वार सर्वे पूर्ण   |  तस्वीर साभार: Facebook
मुख्य बातें
  • सर्किल रेट की नई सूची 15 जून तक होगी तैयार, होंगे कई परिवर्तन
  • जमीन, मकान, दुकान पर स्टांप मूल्य का निर्धारण बाजार भाव के आधार पर ही किया जा रहा
  • आगरा में पांच साल बाद परिवर्तित हो रही सर्किल रेट में कुछ जगह स्टांप की कीमतें घट सकती हैं

Agra Circle Rates News: पांच साल के बाद आगरा शहर के लिए सर्किल रेट की सूची बदलने जा रही है। नई सूची 15 जून तक तैयार होगी। जुलाई के पहले सप्ताह में नई सर्किट रेट की सूची का प्रकाशन होगा। जिसके बाद आपत्तियों पर सुनवाई होगी। जुलाई में ही स्टांप की नई दरें लागू की जाएंगी। ये निर्णय एडीएम वित्त की बैठक में लिया गया हे। कलेक्ट्रेट में बैठक के दौरान सभी तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार, सहायक एवं उप निबंधक मौजूद थे। 

एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव ने कहा कि सभी तहसीलों में संपत्तियों का गाटा वार सर्वे पूर्ण कर लिया गया है। इस बारे में किसानों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की गई है। जो भी आपत्तियां व सुझाव प्राप्त हुए हैं उन्हें शामिल करते हुए 15 जून तक नई सूची बनेगी। अन्य पक्षकार भी अपनी बात रख सकते हैं। पांच साल बाद जिले में सर्किल रेट में बदलाव किया जा रहा है।

जुलाई माह में लागू होगी नई रेट 

एडीएम वित्त ने कहा कि नई सर्किल रेट में जमीन, मकान, दुकान पर स्टांप मूल्य का निर्धारण बाजार भाव के आधार पर ही किया जा रहा है। इसके लिए उन क्षेत्रों में हुए बैनामों से कीमत का सत्यापन भी कराया गया है। आगरा में 2017 के बाद बनी नई सड़कें, कॉलोनियां व मार्केट के लिए भी सर्किल रेट तय किया जाएगा। एडीएम वित्त के अनुसार जुलाई माह के पहले सप्ताह में नई सर्किल रेट सूची 2022 का प्रकाशन किया जाएगा। वहीं एक सप्ताह तक जन सामान्य से आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद जुलाई माह में ही नई रेट की सूची लागू हो जाएगी।  

कुछ जगहों की घट सकती हैं कीमत 

आगरा में पांच साल बाद परिवर्तित हो रही सर्किल रेट में कुछ जगह स्टांप की कीमतें घट सकती हैं। कुछ लोगों ने बाजार मूल्य कम और वर्तमान सर्किल रेट अधिक होने पर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। एडीएम वित्त का कहना है कि कई जगहों की कीमतों में परिवर्तन होना है। उनका सत्यापन कराने के लिए 15 जून तक का सभी एसडीएम व तहसीलदार को समय दिया है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर