Agra Child Kidnapping Case: आगरा में नर्स ने किया खौफनाक कारनामा, बच्चे को अगवा कर एक लाख रुपये में बेचा

Agra Child Kidnapping Case: आगरा पुलिस ने एक खौफनाक मामले का खुलासा करते हुए नर्स समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नर्स ने अपने पति के साथ मिलकर एक छह माह के बच्चे को अगवा किया था।

Agra Child Kidnapping Case
आगरा में नर्स की खौफनाक करतूत  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आगरा में नर्स की खौफनाक करतूत
  • छह माह के बच्चे को किया था अगवा
  • महिला ने एक लाख रुपये में बेचा था बच्चे को

Agra Child Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नर्स ने छह माह के बच्चे को अगवा कर एक लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नर्स समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में आरोपी कई बड़े राज खोल सकते हैं।

पुलिस के अनुसार थाना सिकंदरा के शास्त्रीपुरम से छह जून को एक छह माह के अबोध आरव को दिल्ली की नर्स पूजा ने अपने पति अनिल शर्मा के साथ मिलकर अगवा कर लिया गया था। आरोपी महिला ने बच्चे को कासगंज में रहने वाली अपनी रिश्तेदार नीरज देवी को एक लाख रुपये में बेच दिया था। 

आखिर दबोचे गए नर्स समेत तीन आरोपी

पुलिस ने इस मामले में 20 दिन बाद आरोपी महिला को खोज निकाला। पुलिस ने आरोपी नर्स पूजा समेत नीरज देवी व उसके पति जगदीश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूजा से पूछताछ की तो उसने बताया कि बच्चे को अगवा कर एक लाख रुपये में नीरज देवी को बेच दिया था। बताया गया कि गांव अमरपुर थाना कोतवाली कासगंज के रहने वाले नीरज देवी और जगदीश की शादी को 20 साल हो गए थे। लेकिन अभी तक उनके कोई संतान नहीं थी। वह किसी बच्चे को गोद लेना चाहते थे। इसी दौरान उनकी रिश्तेदार पूजा ने बच्चा उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं साजिश के तहत पूजा अपने पति के साथ कई दिन से बच्चे की तलाश में घूम रही थी। इसके बाद मौका मिलते उसने अबोध आरव को अगवा कर लिया था।

पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार

एसएसपी सुधीर कुमार के अनुसार आरोपी नर्स ने शास्त्रीपुरम के सी ब्लॉक से छह माह के अबोध आरव को अगवा कर लिया था। आरोपी नर्स मूल रूप से दयानंद नगर आनंद विहार दिल्ली की रहने वाली है। जबकि उसका पति अनिल शर्मा सेक्टर-14 आवास विकास कॉलोनी सिकंदरा का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अबोध आरव को बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस का धन्यवाद किया है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर