मैनपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा, घर में घुसा सरिया लदा ट्रक, रिटायर्ड दरोगा और उनकी पत्नी समेत चार की मौत

Mainpuri Road Accident: मैनपुरी में एक बार फिर से रफ्तार का कहर देखने को मिला। सरिये से लदा एक ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे मकान में घुस गया। हादसे में मकान स्वामी और उसकी पत्नी समेत चार लोगों की मौत हो गई।

Mainpuri news
मैनपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा, रिटायर्ड दरोगा समेत 4 की मौत  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • मैनपुरी में रफ्तार का कहर, दर्दनाक हादसे में चार की मौत
  • सरिये से लदा ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे मकान में घुसा
  • रिटायर्ड दरोगा समेत चार की मलबे में दबने से मौत

Mainpuri Road Accident: यूपी के मैनपुरी में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक सरिया लदा ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे स्थित मकान में घुस गया। ट्रक की टक्कर से मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी की मौत हो गई। जबकि ट्रक के चालक और परिचालक ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में चार लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। इस हादसे में छह लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही जांच शुरू कर दी। 

जानकारी के अनुसार, तहसील कुरावली के ग्राम खिरिया पीपर के सामने सरिये से लदा तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर हाईवे किनारे बने एक मकान के पिलर को तोड़ता हुआ दूसरे मकान में जा घुस गया। टक्कर लगते ही मकान भरभराकर गिर गया। 

मलबे में दबने से चार की मौत

घर में सो रहे मकान स्वामी रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर विश्राम सिंह (61), उनकी पत्नी विनोद कुमारी (58), ट्रक चालक कवींद्र पुत्र मुन्नूलाल निवासी रुद्रपुर विष्णुगढ़ जिला कन्नौज और परिचालक अंकित पुत्र प्रमोद निवासी कुंदरकोट अहिरवां जिला औरैया की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में ट्रक में बैठे छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग पहुंचे और तुरंत बचाव अभियान चलाया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां जेसीबी की मदद से रात में ही चार घंटे रेस्क्यू कर मलबे में दबे सभी शवों को बाहर निकाला गया। 

चार महीने पहले एएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे विश्राम सिंह

पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मैनपुरी एसपी कमलेश दीक्षित के अनुसार, सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में घुस गया था। हादसे में घर में सो रहे रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर और उनकी पत्नी की मौत हो गई। जबकि ट्रक में सवार दो लोगों की भी जान चली गई। छह लोग घायल भी हुए हैं,। मैनपुरी सीएमओ पीपी सिंह के अनुसार, दुर्घटना के बाद छह लोगों को अस्पताल लाया गया था। चार मामूली रूप से घायल हैं, जबकि दो की हालत गंभीर है। आपको बता दें कि विश्राम सिंह चार माह पहले एएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह गांव से बाहर बने अपने नए मकान में पत्नी के साथ रहते थे।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर