Agra Taj Mahal Tourist Free Entry: ताजमहल के पर्यटकों को तोहफा, इस दिन मिलेगा मुफ्त में घूमने का मौका

Agra Taj Mahal Tourist Free Entry: ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत सभी स्मारकों को पर्यटक 18 अप्रैल को निशुल्क देख सकेंगे। इस दिन कोई टिकट लागू नहीं होगी। ऐसा विश्व धरोहर दिवस के मौके पर किया जा रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने 18 अप्रैल को सभी स्मारकों को निशुल्क करने का आदेश जारी कर दिया है।

world heritage day
18 अप्रैल को आगरा के ताजमहल में मुफ्त एंट्री  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • विश्व धरोहर दिवस पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण का तोहफा
  • धरोहरों के प्रति संरक्षण, संवर्धन की भावना लाना उद्देश्य
  • पर्यटकों से अपील, स्मारकों और पत्थरों को न पहुंचाए नुकसान

Agra Taj Mahal Tourist Free Entry: आगरा का ताजमहल घूमने का बना रहे हैं प्लान तो ये खबर आपके लिए है। विश्व धरोहर दिवस पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण अपने पर्यटकों के लिए खास तोहफा लेकर आया है। मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करने वालों के लिए खुशखबरी है। 18 अप्रैल को ताजमहल के साथ आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और एत्मादउद्दौला स्मारक समेत अन्य संरक्षित स्मारकों में प्रवेश निशुल्क रहेगा।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने विश्व धरोहर दिवस पर आगरा के सभी स्मारकों में फ्री एंट्री के निर्देश दिए हैं। इससे बिना टिकट लिए ही पर्यटक सभी स्मारकों का भ्रमण कर सकते हैं।

लोगों को धरोहरों के प्रति जागरूक करने के लिए पहल

हर साल 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर एएसआई की ओर से सभी स्मारकों में निशुल्क एंट्री के निर्देश दिए गए हैं। जिससे लोग सभी संरक्षित विश्व धरोहरों के प्रति जागरूक हों और उनके संरक्षण, संवर्धन में एएसआई की मदद करें। वैसे ताजमहल देखने के लिए भारतीय पर्यटकों को 250 रुपए और विदेशी पर्यटकों को 1,300 की टिकट लेनी होती है। लेकिन, 18 अप्रैल यानी सोमवार को ताजमहल सहित अन्य तमाम स्मारकों का भ्रमण कर सकते हैं।

पर्यटकों की एंट्री होगी फ्री

एएसआई आगरा सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि, धरोहर सहेजने और नई पीढ़ी को विरासत बचाने का संदेश देने के लिए विश्व धरोहर दिवस मनाया जाता है। इसलिए इस दिन सभी स्मारकों में पर्यटकों की एंट्री फ्री रहेगी। इस दिन बच्चों को स्मारकों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है।

फतेहपुर सीकरी में फोटो प्रदर्शनी

पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि, विश्व धरोहर दिवस पर 18 अप्रैल को फतेहपुर सीकरी में फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिससे लोग जागरूक हों। इसके साथ ही सभी स्मारकों पर पर्यटकों को जागरूक करने के लिए बैनर भी लगाए जाएंगे। जिसमें पर्यटकों से अपील होगी कि, वे स्मारकों को खुरचें नहीं। उन पर नाम भी नहीं लिखें। इसके साथ ही पर्यटकों से अपील है कि, स्मारकों के पत्थरों को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचाए।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर