Agra Ka Haidar: तीन थानों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हैदर गिरफ्तार, हैरान कर देंगी आरोपी की करतूतें

आगरा समाचार
Updated Feb 21, 2022 | 22:39 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Agra Ka Haider: आगरा पुलिस ने एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया जो तीन थानों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। कई बार जेल गया था पर उसने चोरी की आदत नहीं छोड़ी। आखिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी।

Agra Police arrested Haider
हैदर अब पुलिस की गिरफ्त में है। 
मुख्य बातें
  • तीन थानों की पुलिस कर रही थी हैदर का इंतजार।
  • कई बार जेल की हवा खा चूका है ये हैदर।
  • आगरा से बाहर बेचता था चोरी का सामान।

Agra Ka Haider: आगरा के थाना सिकंदरा पुलिस ने अरतौनी के रहने वाले युवक हैदर को गिरफ्तार किया है। वह तीन थानों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। वह सूने घर का ताला एक मिनट में तोड़ देता था। पुलिस से बचने के तरीके जानता है। अपना मोबाइल बंद रखता था। चोरी करने के बाद सिम और मोबाइल बदल लेता था। गश्त के दौरान पुलिस मिलने पर राहगीर बन जाता था। चोरी किए जेवरात आगरा के अलावा अलीगढ़ और फिरोजाबाद के सर्राफा व्यवसायियों को बेचता था। पुलिस ने एक सर्राफा व्यापारी को भी पकड़ा है।

एएसपी सत्य नरायन ने बताया कि एक महीने पहले थाना न्यू आगरा में चोरी के मामले में दो आरोपी मनीष और राजू को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने हैदर का नाम बताया था। वो अरतोनी में किराये पर रहता है। इस पर पुलिस उसके घर पहुंची। मगर, वो घर पर मिला नहीं। इसके बाद उसकी तलाश जारी थी। रविवार को बाईंपुर रोड पर मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ लिया गया।

कई बार जेल गया फिर भी नहीं छोड़ी चोरी की आदत

आरोपी हैदर से पूछताछ में पता चला कि उस पर 20 मुकदमे दर्ज हैं। पहला मुकदमा वर्ष 2015 में थाना न्यू आगरा में लिखा गया था। इसके बाद चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हुए। दो केस में उसे सजा हो गई थी। एक मामले में सजा काटकर वो सितंबर 2021 में जेल से छूटकर आया था। इसके बाद उसने थाना न्यू आगरा, सिकंदरा और हरीपर्वत में चोरी की। छह फरवरी को सिकंदरा में जेल से जमानत पर छूटे अपने साथी राजू के साथ चोरी की थी।

ऐसे देता है चोरी की घटना को अंजाम

वह सूने घर की रेकी दिन में करता है। चोरी करने अकेले ही जाता है। अपने पास ऐसे औजार रखता है, जिनकी मदद से एक मिनट में ही बाहरी ताला तोड़ देता है। गेट पर लगे इंटरलॉक को तोड़ने में भी दस से 15 मिनट ही लगाता है। अगर, चोरी करते समय गश्त करते सिपाही आ जाते हैं तो छिप जाता है, निकलता नहीं है। अगर, रास्ते में पुलिस टोक देती है तो राहगीर बताता है। 


आगरा के अलावा अलीगढ़ व फिरोजाबाद में बेचता था चोरी के आभूषण

वह चोरी के जेवरात आगरा के कोतवाली और एमएम के सराफा बाजार के अलावा अलीगढ़ और फिरोजाबाद में बेच देता है। पुलिस ने मोती कटरा निवासी राजकुमार वर्मा को पकड़ा है। वह हैदर से आधी कीमत में जेवरात खरीद लेता था। इनको गलाने के बाद नए जेवरात तैयार करता था।

जेल में अन्य अपराधियों से सीखा चोरी तरीके

पुलिस की पूछताछ में हैदर ने बताया कि उसने जेल में ऐसे अपराधी मिले, जो अक्सर पुलिस से बचने के तरीकों पर बात करते थे। इसमें पता चला था कि सर्विलांस की मदद से पुलिस पकड़ लेती है। वो बचने के तरीके भी बताते थे। इससे ही वो वारदात से पहले मोबाइल बंद कर लेता है, और उसे तब तक नहीं खोलता है, जब तक चोरी किए माल को बेच नहीं देता है। एक और दो वारदात के बाद मोबाइल और सिम भी बदल लेता है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर