Agra Illegal Colonies: आगरा में फिर चलेगा योगी का बुलडोजर, ध्वस्त होंगी अवैध कॉलोनियां, तैयारी में अधिकारी

Agra Illegal Colonies: आगरा में फिर से बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देश पर अवैध निर्माणों की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद अवैध निर्माण पर योगी का बुलडोजर चलेगा।

agra
आगरा न्यूज  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आगरा में चलेगा योगी का बुलडोजर
  • अवैध निर्माणों पर होगी बड़ी कार्रवाई
  • सूची बनाने में जुटे अधिकारी

Agra Illegal Colonies: आगरा शहर में फिर से अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलने की तैयारी है। इस बार फतेहपुर सीकरी स्मारक के 100 मीटर और 300 मीटर दायरे में बने अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जाना है। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की संयुक्त टीम जल्द ही रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट में स्मारक के पास बने भवनों को शामिल किया जाएगा। वहीं रिपोर्ट तैयार होने के बाद तेजी से कार्रवाई की जाएगी। 

वहीं आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने संयुक्त सचिव, नगर नियोजक, प्रवर्तन अनुभाग के इंजीनियरों के साथ बुधवार को फतेहपुर सीकरी का निरीक्षण किया। बताया गया कि उपाध्यक्ष नगर नियोजक के साथ फतेहपुर सीकरी की प्रस्तावित महायोजना के लिए निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने यह रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने दिए बुलडोजर चलाने के निर्देश

आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉक्टर राजेंद्र पैंसिया ने फतेहपुर सीकरी में स्मारक के आसपास बने अवैध निर्माणों को देखने के बाद निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एएसआई के साथ मिलकर 100 मीटर और 300 मीटर दायरे के अवैध निर्माणों की रिपोर्ट तैयार करें। डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने और सील करने के निर्देश दिए हैं। 

शाहगंज क्षेत्र में ध्वस्त होंगी अवैध कालोनियां

उपाध्यक्ष डॉक्टर राजेंद्र पैंसिया ने शाहगंज क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर बन रहीं अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करने और अवैध निर्माण सील करने के निर्देश दिए हैं। अभी तक यहां दो अवैध निर्माणों को सील किया जा चुका है। वहीं शाहगंज क्षेत्र में निर्माणों की जांच के लिए टीम बनाई गई है। यह टीम अवैध कॉलोनियों का सर्वे करके रिपोर्ट तैयार करेगी। उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने नगर नियोजक को फतेहपुर सीकरी की महायोजना का प्रस्ताव पेश करने के निर्देश भी दिए। उधर, नौबस्ता में चूने की चक्की के सामने बिना नक्शा पास कराए निर्माण किया जा रहा था। टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को सील कर दिया। प्रवर्तन दल प्रभारी पूरन कुमार के निर्देशन में सहायक अभियंता केके सरावगी, अवर अभियंता राजीव गोविल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर