Agra Water Crisis: आगरा के इन इलाकों में बूंद-बूंद को तरसे लोग, कई दिनों से नहीं हो रही पेयजल आपूर्ति

Agra Water Crisis: आगरा में रिकॉर्ड गर्मी पड़ रही है। बढ़ती गर्मी के साथ पानी की भी समस्या बढ़ रही है। इससे लोगों को दैनिक कार्य करने में भी परेशानी आ रही है। कुछ इलाकों में पानी की काफी किल्लत हो गई है।

Agra Water Crisis
आगरा में नहीं हो रही पेयजल आपूर्ति, लोग परेशान (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • सिकंदरा वाटर वर्क्स कल सुबह 10 बजे तक रहेगा बंद
  • रविवार शाम से ठप है जीवनी मंडी से जलापूर्ति
  • जीवनी मंडी रोड पर 1200 एमएम की पाइपलाइन का चल रहा मरम्मत

Agra Water Crisis: आगरा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी इस शहर में पड़ रही है। वहीं अब पेयजल किल्ल्त ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दो अहम वाटर वर्क्स बंद होने से लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बता दें रविवार शाम से जीवनी मंडी वाटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति बंद है।

ऐसे में जिन क्षेत्रों में यहां से पानी सप्लाई होता था, वहां आपूर्ति नहीं हो पा रही है और लोग परेशान हैं। हालांकि जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बुधवार शाम से जलापूर्ति पुन: बहाल करा दी जएगी। इधर, सिकंदरा वाटर वर्क्स से भी सोमवार से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। 

सिकंदरा वाटर वर्क्स से कल सुबह तक नहीं मिलेगा पानी

सिकंदरा वाटर वर्क्स से 20 अप्रैल की सुबह तक पानी आपूर्ति नहीं हो सकेगी। वजह है कि जीवनी मंडी सड़क पर 1200 एमएम की पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। दूसरी ओर जल निगम की विश्व बैंक इकाई 4500 किलो लीटर क्षमता वाले शाहगंज जोनल पंपिंग स्टेशन में पाइपलाइन शिफ्टिंग और इंटर कनेक्शन का काम होगा। 

इन इलाकों में भारी संकट

शहर के दो बड़े वाटर वर्क्स के बंद होने से दर्जन भर इलाकों में पानी की किल्लत हो गई है। इनमें प्रमुख रूप से जीवनी मंडी, बेलनगंज, भैंरो बाजार, छत्ता, काला महल, दरेसी, कचहरी घाट, रकाबगंज, कोतवाली, घटिया आजम खां, छीपा टोला, फुलपट्टी बाजार, खटीकपाड़ा, मंटोला, ढोलीखार, धूलियागंज, मोती कटरा, राजा मंडी, पन्नी गली, गधापाड़ा, नूरी, कटरा मदारी खां, महादेव गली शामिल हैं। इनके अलावा सिकंदरा आवास कॉलोनी, लॉयर्स कॉलोनी, जगदीशपुरा, लोहामंडी, शाहगंज, बोदला, खंदारी, मदिया कटरा इलाका प्रभावित है। 

पानी टैंकर की सुविधा के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

पानी की किल्लत से जूझ रहे इलाके के लोगों के लिए जलकल विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है। जिन क्षेत्रों में टैंकर्स की जरूरत है वो विभागीय नंबर 8192095401 पर कॉले करें। टॉल फ्री नंबर 18002702722 पर भी कॉल कर सकते हैं। 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर