Agra Crime News: आगरा में एक हेडफोन के टुकड़े ने महिला की हत्या का किया खुलासा, गिरफ्तार आरोपी ने उगला राज

Agra Crime News: आगरा पुलिस ने एक महिला के हत्यारे का खुलासा किया है। एक हेडफोन के टुकड़े से मिले सुराग के आधार पर हुई जांच के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया है। बता दें की आरोपी ने महिला से शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने हत्या कर दी।

Agra Crime News
आगरा में एक हेडफोन के सुराग से पुलिस पहुंची महिला के कातिल तक  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • थाना अछनेरा में चारा लेने गई महिला की हुई थी हत्या
  • दो दिन बाद मिला महिला का खेत में शव
  • पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की

Agra Crime News: आगरा में पुलिस ने एक महिला के हत्या मामले का पर्दाफाश किया है। एक हेडफोन के टुकड़े ने कातिल को जेल की सलाखों के पीछे भिजवा दिया है। बता दें कि कातिल ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गया था। चारा लेने गयी महिला की खेत में हत्या हुई थी।बता दें कि मामला थाना अछनेरा इलाके का है। पुलिस ने अनुसार यहां 55 साल की एक महिला खेत में चारा लेने के लिए गई हुई थी। इसी बीच गांव का रहने वाला एक युवक दीवान सिंह खेत में जबरदस्ती घुस गया।

खेत में घुसने के बाद दीवान सिंह ने महिला से शारीरिक संबंध बनाने की बात की। इससे महिला बुरी तरह भड़क गई और उसने दीवान सिंह की करतूत को सबके सामने उजागर करने की बात कही। महिला ने यह भी कहा कि इस तरह की हरकत को लेकर पंचायत करेगी और पंचायत के बीच दीवान सिंह की करतूत के बारे में सबको बताएगी। 

साड़ी से गला घोंटकर ले ली जान

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आरोपी दीवान सिंह ने महिला को पकड़ लिया और साड़ी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। बता दें कि हत्या करने के दौरान हुई जद्दोजहद के बीच दीवान सिंह का हेडफोन टूट गया। हेडफोन का एक टुकड़ा खेत में गिर गया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद दीवान सिंह मौके से भाग गया। देर शाम तक महिला घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजन महिला की तलाश में लग गए। 2 दिन तक महिला का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद गांव वालों ने खेत में जाकर देखा तो महिला का शव पड़ा हुआ था। महिला के शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया फरार आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार एसपी वेस्ट आगरा सत्यजीत गुप्ता ने बताया है कि, कुछ दिन पहले अरदाया गांव में एक महिला का शव मिला था। महिला की उम्र लगभग 55 साल थी। उसके पति ने एक मुकदमा दर्ज करवाया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु की। घटना स्थल पर जब पुलिस पहुंची थी तो वहां हेडफोन का टूटा हुआ एक टुकड़ा मिला था। एसपी गुप्ता ने बताया कि ये हमारा एक पुख्ता सबूत था जिसपर हमने काम करना शुरू किया। इसके अलावा हमने कई और सबूत इकट्ठे करने शुरू किए। कई लोगों के बयान लिए गए तो धीरे -धीरे एक से एक चीजें जुड़ती चली गईं। जिसके बाद पुलिस की शक की सुई इस अभियुक्त पर चली गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस भरतपुर रोड पर पहुंची तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया। आरोपी को पकड़ने के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी घटना का खुलासा करते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया। एसपी गुप्ता ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर