आगरा में दबंगई का मामला, महिला को घर में घुसकर बेरहमी से पीटा, बाल पकड़कर घसीटा

Agra News: आगरा में महिला की पिटाई का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। महिला को जमीन पर घसीटा गया और बेरहमी से पिटाई भी की गई।

Agra News
प्रतीकात्मक तस्वीर  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • आगरा में शर्मनाक मामला
  • महिला के बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा
  • आरोपियों ने बेरहमी से महिला को पीटा

Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि, यहां एक महिला को नीचे गिराकर जमीन पर घसीटा गया। इसके बाद महिला की जमकर पिटाई भी की गई। वहीं महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा तोड़कर उसकी जान बचाई। इस दौरान महिला को खून से लथपथ देख पड़ोसियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। वहीं पड़ोसियों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और पीड़ित महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।    

बाह क्षेत्र के गांव रामकुआं में शनिवार को दरवाजे पर खूंटा गाड़ने को लेकर डॉली पत्नी हरपाल यादव का पड़ोसी रामलक्षिन पक्ष से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि, आरोपियों ने घर में घुसकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोप है कि, महिला को बाल पकड़कर जमीन पर भी घसीटा गया। 

पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान

ग्रामीणों ने बताया कि, महिला के चीखने की आवाज आई तो सभी लोग दौड़ पड़े। पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो अंदर से गेट बंद था। काफी देर तक आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने गेट तोड़ दिया। वहीं कमरे में घुसते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। महिला खून से लथपथ और बेहोश मिली। हालांकि जब तक आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दे दी।

घायल महिला को सीएचसी में कराया भर्ती 

घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। वहीं पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी जैतपुर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। एसओ चित्राहाट महेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि, घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पीड़ित महिला की ओर से तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर