लाइव टीवी

Agra: फ्रेशर पार्टी के लिए छुट्टी न देने पर डॉक्टर को ही पीटा, सिर, आंख और शरीर पर आईं गंभीर चोटें

Updated Aug 04, 2022 | 16:07 IST

Agra Attack on Doctor: आगरा शहर में एक सीनियर डॉक्टर पर हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित डॉक्टर ने अपने ही साथी पर हमला और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि आंख, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspFacebook
आगरा में सीनियर डॉक्टर पर हमला। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • आगरा में सीनियर डॉक्टर पर हमला
  • डॉक्टर के सिर, आंख और शरीर पर आईं गंभीर चोटें
  • पुलिस ने शुरू की पूरे मामले की जांच

Agra Attack on Doctor: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर (ताजनगरी) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सीनियर डॉक्टर के साथ जमकर मारपीट की गई। उनके चेहरे, सिर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने अपने ही साथी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाना एमएम गेट में मामला दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, 27 जुलाई को फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में फ्रेशर पार्टी रखी गई थी।

इस दौरान कुछ डॉक्टरों ने आवास विकास कॉलोनी निवासी बाल रोग विभाग के एमडी वित्तीय वर्ष के डॉक्टर गौरव सिंह के पास फोन किया। उन्होंने जूनियर रेजिडेंट-एक डॉक्टर नीरज मिश्रा को पार्टी में भेजने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने भेजने से इंकार कर दिया। इसी बात से उनके साथ ही डॉक्टर प्रवीण यादव नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने डॉ. गौरव सिंह पर हमला किया।

बहाने से इमरजेंसी में बुलाकर की मारपीट

बताया गया कि, रात में करीब 1:00 बजे मरीज को देखने के लिए डॉ. गौरव सिंह को बहाने से इमरजेंसी में बुलाया गया। जैसे ही डॉक्टर गौरव सिंह इमरजेंसी में पहुंचे तो वहां डॉ. प्रवीण यादव उन्हें देखकर भड़क गए। यही नहीं उनके साथ गाली-गलौज करने लगे और कुछ देर बाद मारपीट शुरू कर दी। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। हालांकि डॉक्टर गौरव सिंह किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकले। उन्होंने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। 

डॉक्टर के शरीर पर आईं गंभीर चोटें

पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि, डॉ. प्रवीण यादव ने उन पर जानलेवा हमला किया है और जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने बताया कि हाथ में फैक्चर हुआ है और आंख समेत शरीर के कई अंगों पर गंभीर चोटें आई हैं। उधर, एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि, एसएन मेडिकल कॉलेज के सीनियर डॉक्टर की तरफ से अपने साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पूरे मामले की शुरू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।