लाइव टीवी

Agra Auto Gang: आगरा में महिला को इस तरह लूटा ऑटो गैंग ने, जानकर आप भी रह जाएंगे दंग

Updated Aug 01, 2022 | 22:54 IST

 Agra Auto Gang: बदमाशों ने बेहोशी की हालत में लूट की शिकार हुई महिला को एक कागज की गड्डी भी थमा दी। होश में आने के बाद पीड़िता अपने घर पहुंची व परिजनों के साथ थाने आकर खुद के साथ हुई लूट की जानकारी पुलिस को दी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
आगरा में महिला को ऑटो गैंग ने लूटा
मुख्य बातें
  • ऑटो गैंग ने मायके जा रहीं बरहन निवासी एक महिला को लूट लिया
  • युवक ने उसके मुंह पर जबरन रुमाल रख बेहोश कर दिया
  • होश आया तो हाथों में एक कागज की गड्डी मिली 

 Agra Auto Gang: ताजनगरी आगरा में बाइक गैंग से परेशान खाकी के लिए अब ऑटो गैंग की सक्रियता चुनौती बन रही है। ताजा मामले में एक ऑटो गैंग ने हरतालिका तीज पर अपने मायके जा रहीं बरहन निवासी एक महिला को लूट लिया। लूट की शिकार हुई महिला रामबाग से एत्मादपुर जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। बदमाशों ने पहले तो महिला को अपनी बातों से झांसे में लिया। बाद में रुमाल मुंह पर फेर बेहोश कर दिया। इसके बाद महिला की चेन, अंगूठी और कानों के कुंडल लूट उसे झरना नाले पर फेंककर फरार हो गए।

इस बीच बदमाशों ने बेहोशी की हालत में लूट की शिकार हुई महिला को एक कागज की गड्डी भी थमा दी। होश में आने के बाद पीड़िता अपने घर पहुंची व परिजनों के साथ थाने आकर खुद के साथ हुई लूट की जानकारी पुलिस को दी। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिए ऑटो की पहचान करने में जुटी है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा थाने पहुंची व महिला से पूरी वारदात के बारे में पूछा। 

बातों-बातों में रुमाल सुंघा दिया

सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि, लूट की शिकार हुई महिला बरहन इलाके की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि, वह अपनी बुआ के घर राजपुर चुंगी गई थीं। हरतालिका तीज होने के चलते वह बुआ के घर से मायके जाने के लिए निकली। इस बीच रामबाग चौराहे पर एक ऑटो मिला। जिसमेें पहले से पीछे की सीट पर दो महिलाओं सहित एक युवक बैठा था। जबकि आगे की सीट पर ऑटो ड्राइवर सहित एक युवक बैठा था। महिला भी एत्मादपुर जाने के लिए ऑटो में बैठ गई। सीओ ने बताया कि, लता से पीछे की सीट पर बैठा युवक बातें करने लगा। इस बीच आगे की सीट वाला युवक पीछे आ गया व उसकी जगह पर पीछे वाला आगे की सीट पर बैठ गया। इसके बाद पास बैठे युवक ने उसके मुंह पर जबरन रुमाल रख दिया। इसके बाद महिला को होश आया तो वह झरना नाले पर थीं। हाथों में एक कागज की गड्डी मिली। जबकि उसकी गले की चेन, अंगुठी व कानों के कुंडल गायब मिले। 

परिजनों के साथ महिला आई रामबाग चौकी 

सीओ शर्मा के मुताबिक ऑटो गैंग के बदमाश उसका तीन तोला सोना ले गए। महिला दूसरे ऑटो से घर पहुंची व परिजनों को अपने साथ हुई वारदात के बारे में बताया। इसके बाद वह भाई के साथ रामबाग पुलिस चौकी आई और पुलिस को लूट के बारे में बताया। घटना की जानकारी के बाद हरकत में आई पुलिस ने हाइवे सहित रामबाग इलाके के सारे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर रही है। बदमाशों की जानकारी को लेकर पुलिस लगातार जांच में जुटी है। सीओ ने बताया कि ऑटो गैंग कई महिलाओं के साथ लूट की वारदात कर चुकी है। 


 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।