लाइव टीवी

Agra Unique Case: आगरा में दहेज का अजीब मामला, शादी में मिली थी कार, पर बाइक से ससुराल पहुंचा दूल्हा

Updated Jun 15, 2022 | 20:07 IST

Agra Unique Case: पति बाइक से ससुराल पहुंचा तो दुल्हन का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज दुल्हन ने ससुराल जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद मामला थाने भी पहुंच गया। जानिए आखिर माजरा क्या है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
आगरा में दहेज का अनोखा मामला
मुख्य बातें
  • आगरा में दहेज का अनोखा मामला
  • शादी में मिली कार, दुल्हन को बाइक से लेने पहुंचा दूल्हा
  • दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इंकार

Agra Unique Case: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में दहेज का एक बहुत ही अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी में दहेज में कार दी। लेकिन कार के बजाय बाइक से दुल्हन को लेने पहुंचे दूल्हे की मुश्किलें बढ़ गईं। पति को बाइक पर देख दुल्हन का गुस्सा फूट पड़ा और उसने ससुराल जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच मामला इतना बढ़ गया कि बात थाने तक पहुंच गई।

दरअसल, एक अस्पताल के कर्मचारी की सात महीने पहले शादी हुई थी। लड़की पक्ष वालों ने दहेज में दूल्हे को कार दी। शादी के कुछ दिनों बाद नवविवाहिता दुल्हन अपने मायके में आ गई। वहीं दूल्हा अपनी पत्नी को कार की बजाय बाइक से लेने पहुंच गया। बस इसी बात को लेकर वहां बखेड़ा खड़ा हो गया। इस दौरान पत्नी ने जमकर हंगामा किया।

पुलिस ने दोनों को परामर्श केंद्र भेजा

पत्नी ने अपने पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच करते हुए दोनों पक्षों को परामर्श केंद्र के लिए भेज दिया। इसके बाद काउंसलर ने पति और पत्नी को बुलाया और दोनों पक्षों की बात सुनी। वहीं दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सच्चाई सामने आ गई। ससुराल में पति के बाइक से आने पर पत्नी नाराज हो गई थी और उसने साथ जाने से इंकार कर दिया था। उधर, काउंसलिंग में दूल्हे ने कहा कि उसे कार चलानी नहीं आती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

पति ने किया कार सीखने का वादा

काउंसलिंग के दौरान पति ने अपनी पत्नी से वादा करते हुए कहा कि वह दो महीने के भीतर कार चलानी सीख लेगा। पति द्वारा यह वादा करने से पत्नी की नाराजगी दूर हो गई। इसके बाद वह पति के साथ जाने के लिए भी राजी हो गई। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया था लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।