लाइव टीवी

Agra Accident News: आगरा में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर ने चार बच्चों समेत 5 को रौंदा, घायलों की हालत गंभीर

Updated May 02, 2022 | 17:19 IST

Agra Accident News: सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने चार बच्चों समेत पांच लोगों को रौंद दिया। इस घटना में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
आगरा में ट्रैक्टर ने पांच लोगों को कुचला (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • शमसाबाद की घटना, सुबह 4 बजे वाहन ने लोगों को कुचला
  • महिला अपनी नातिन और नाती के साथ घर के बाहर सोई हुई थी
  • वृद्धा और बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

Agra Accident News: जनपद के शमसाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेहरामपुर गांव में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। घर के बाहर चारपाई पर सो रही वृद्धा और उसकी नातिन एवं नाती को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद डाला। महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं आरोपी चालक दुर्घटनास्थल पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। 

अस्पताल में भर्ती माया देवी ने बताया कि, रविवार की शाम तेज आंधी आने की वजह से बिजली गुल हो गई थी। कमरे में गर्मी लगने पर वह अपने आठ वर्षीय नाती कुणाल, पांच वर्षीय नाती हर्ष, 10 वर्षीय नातिन नंदनी और 4 वर्षीय नातिन डॉली को लेकर घर के बाहर चारपाई पर सोई थीं। इस दौरान सोमवार सुबह करीब 4 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली उनकी चारपाई पर चढ़ गई। इस हादसे में सभी बुरी तरह जख्मी हो गए।  

आरोपी की तलाश की जा रही

इस बारे में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि, पीड़ित परिवार से जिला अस्पताल में मुलाकात की है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। इसके अलावा गांव के लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि वह सड़क किनारे नहीं सोए। इस स्थिति में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। 

रविवार की देर शाम आई थी आंधी

बता दें, आगरा जिले के कई हिस्सों में रविवार की देर शाम तेज आंधी आई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, 93 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बह रही थी। इस वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली वाली दुर्घटना की शिकार महिला भी बिजली नहीं रहने की वजह से घर के बाहर सोई थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, ग्रामीण दौड़कर आए तो आरोपी चालक वहां से भाग निकला। 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।