लाइव टीवी

Taj Mahal re-opens: 188 दिन बाद आज से फिर होंगे ताज के दीदार, पर्यटकों के लिए लागू होंगे ये नियम

Updated Sep 21, 2020 | 09:32 IST

Taj Mahal Unlocked: करीब 6 महीने बंद रहने के बाद आज से विश्व प्रसिद्ध ताजमहल एवं आगरा किला के दरवाजे पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। कोरोना के लिए इस बार नियमों में कई बदलाव किए गए हैं।

Loading ...
188 दिन बाद आज से फिर होंगे ताज के दीदार, लागू होंगे ये नियम
मुख्य बातें
  • 188 दिन बाद फिर खुलेगा ताज महल, एक दिन में 5 हजार पर्यटक कर पाएंगे दीदार
  • टिकटों की बुकिंग केवल ऑनलाइन होगी, ऑफलाइन विंडो की गई हैं बंद
  • कोरोना के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का रखा जा रहा है पूरा खयाल

आगरा: आगरा में आज से विश्व प्रसिद्ध ताजमहल फिर से पर्यटकों के लिए खोला जा रहा है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए ताजमहल में एंट्री के लिए इस बार नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। पर्यटकों को मास्क के साथ सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी पालन करना होगा। पर्यटकों पर किसी तरह के संक्रमण का खतरा ना हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और इसके तहत तय किया गया है कि एक दिन में केवल पांच हजार सैलानियों को ही यहां प्रवेश की अनुमति होगी। आगरा किला में अधिकतम 2,500 पर्यटकों को ही प्रवेश मिलेगा। 

फोटोग्राफी की मनाही
ताजमहल के अलावा आज से ही आगरा का किला और अन्य धार्मिक स्थल भी खोले जा रहे हैं। मगर, एम्पोरियम नहीं खुलेंगे। हालांकि, पर्यटकों को कोविड-19 के मद्देनजर प्रशासन और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा जारी दिशानिर्देशों का अनुपालन करना होगा। इन स्थलों को खोलने से पहले सैनिटाइज किया गया है। ताजमहल परिसर के अंदर किसी भी तरह की फोटोग्राफी पर मनाही होगी। ताजमहल के लिए टिकट केवल ऑनलाइन ही मिलेंगे, परिसर में स्थित टिकट विडों को बंद किया गया है। 

नए नियम

  1. ताजमहल में शाहजहां और मुमताज की मुख्य मकबरे में स्थित कब्रों वाले कक्ष में एक बार में पांच लोग जा सकेंगे, संग्रहालय भी पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।
  2. पर्यटकों को पार्किंग समेत सभी भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। पर्यटकों के लिए शारीरिक दूरी का पालन करना और मॉस्क लगाना अनिवार्य होगा
  3. सैलानियों को दीवारों व रेलिंग से दूर रहना होगा। शू कवर, पानी की बोतल, टिश्यू पेपर आदि उन्हें कूड़ेदान में डालने होंगे। स्मारक में प्रवेश से पूर्व पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। बिना लक्षण वाले पर्यटक ही परिसर में प्रवेश कर पाएंगे।
  4. स्मारकों पर मौजूद रजिस्टर में सभी पर्यटकों का विवरण दर्ज किया जाएगा। एएसआई स्मारक के किसी भी आंतरिक भाग में प्रवेश रोक सकेगा। स्मारक में समूह में तस्वीर खिंचने की अनुमति नहीं होगी।
  5. वैध लाइसेंसधारक गाइड ही स्मारक में प्रवेश कर सकेंगे। ताजमहल में फोटोग्राफरों को चार समूहों में बांटा गया है, जिससे एक दिन छोड़कर फोटोग्राफी की पारी आएगी।

17 मार्च से बंद है ताजमहल
पर्यटकों को भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) की वेबसाइट से ऑनलाइन टिकट बुक करनी होगी। स्मारकों पर क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद प्रवेश मिलेगा।  आपको बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से 17 मार्च से ताजमहल और आगरा का किला बंद है और 188 दिनों के बाद आज फिर से इन्हें पर्यटकों के लिए दोबारा खोला जा रहा है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।