लाइव टीवी

Agra Flights News: पांच मई से फिर से शुरू होगी मुंबई-आगरा फ्लाइट, सप्ताह में इन ​तीन दिन होगा संचालन

Updated May 04, 2022 | 16:48 IST

Agra Flights News: ताजनगरी से मायानगरी के बीच हवाई यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। गर्मी के मौसम में इन दो शहरों के बीच हवाई यात्रा एक बार फिर सुगम होने जा रही है। अब यात्री दोनों शहरों के बीच आराम से हवाई यात्रा का आनंद ले सकेंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
आगरा से फिर से शुरू होगी फ्लाइट्स
मुख्य बातें
  • कोरोना मामलों ने हवाई सेवा पर लगाया था ब्रेक
  • इंडिगो एयरलाइंस ने शुरू की टिकट बुकिंग
  • ​पांच शहरों के लिए आगरा से उड़ान भरेंगी फ्लाइट

Agra Flights News: पांच मई से आगरा से मुंबई के बीच हवाई यात्रा फिर से शुरू होने जा रही है। बीते 25 मार्च से यहां हवाई यात्रा बंद कर दी गई थी। हवाई यात्रा फिर से शुरू होने से इसका सीधा असर पर्यटन पर पड़ेगा। इससे विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस को फायदे के साथ ही पर्यटन कारोबार को भी गति मिलेगी। इससे आगरा से मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को भी सफर करने में आसानी होगी।

आगरा-मुंबई के लिए ये फ्लाइट हर मंगलवार, गुरुवार और रविवार को उपलब्ध होंगी। मुंबई से यह फ्लाइट दोपहर 2.30 बजे खेरिया हवाई अड्डे पर आएगी। जिसके बाद तीन बजे खेरिया हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरेंगी। गौरतलब है कि फुल चलने वाली ये फ्लाइट नौ महीने में तीन बार बंद हो चुकी है। इस फ्लाइट की शुरुआत 22 जुलाई 2021 को हुई थी। कोरोना संक्रमण के चलते अगस्त में बंद हो गई थी।

कोरोना मामलों ने हवाई सेवा पर लगाया था ब्रेक

कोरोना मामलों में गिरावट के बाद हवाई सेवा 14 दिसंबर 2021 को फिर शुरू की गई थी। लेकिन इसी साल 18 जनवरी को इसे फिर बंद करने का फैसला लिया गया था। जिसके बाद बीते दो मार्च को ही हवाई सेवा फिर शुरू की गई थी। लेकिन इंडिगो एयरलाइंस ने 25 मार्च को अचानक इसे फिर से बंद कर दिया था।

इंडिगो एयरलाइंस ने शुरू की टिकट बुकिंग

स्थानीय लोगों के साथ आगरा से मुंबई जाने वाले पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। यह संख्या करीब 150 रहती थी, बावजूद इसके विमानन कपंनी ने हवाई सेवा बंद कर दी थी। यात्रियों को राहत देते हुए अब इंडिगो एयरलाइंस ने हवाई सेवा फिर से शुरू करने का फैसला किया है। आगरा-मुंबई हवाई सेवा शुरू होने के साथ ही आगरा-गुजरात की यात्रा करने वालों के लिए भी खुशखबरी है। लंबे समय से स्थगित चल रही अहमदाबाद-आगरा फ्लाइट भी दो जून से शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने इसके लिए टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है।

पांच शहरों के लिए आगरा से उड़ान भरेंगी फ्लाइट

अभी आगरा से बेंगलुरु, भोपाल और लखनऊ के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है। मुंबई और अहमदाबाद के उड़ानें शुरू होने से आगरा से पांच शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध होंगी। इससे आगरा के पर्यटन उद्योग को काफी फायदा होगा। पांच मई से मुंबई के लिए शुरू होने वाली हवाई यात्रा के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।