लाइव टीवी

Agra News: आगरा में एक परिवार पर टूटा गमों का पहाड़, माता-पिता की मौत के बाद यमुना में डूबने से बेटे की मौत

Updated Jun 30, 2022 | 18:34 IST

Agra News: आगरा शहर में एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता की मौत के बाद अब बेटा यमुना नदी में डूब गया है। कुछ दिनों बाद ही आश्रित कोटे से अरुण कुमार की नौकरी लगने वाली थी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
आगरा में यमुना में डूबा युवक
मुख्य बातें
  • आगरा में यमुना में डूबा युवक
  • माता-पिता की हो चुकी है मौत
  • अब बेटे के यमुना में डूबने से परिवार पर टूटा गमों का पहाड़

Agra News: आगरा शहर के एक परिवार में उस समय कोहराम मच गया, जब परिजनों को 29 साल के बेटे की यमुना नदी में डूबने की सूचना मिली। वहीं 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी गोताखोर युवक को ढूंढ नहीं सके। पुलिस और गोताखोर की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। उधर, परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि उसके आश्रित कोटे में भर्ती होने की प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन वर्दी पहनने से पहले ही मौत उसे खींच ले गई। 

पुलिस लाइन आवासीय परिसर निवासी अरुण कुमार मंगलवार शाम को अपने दोस्त के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय पैर फिसलने से अरुण गहरे पानी में डूब गया, जिसे बचाने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन वह बच नहीं सका और गहरे पानी में समा गया। 

मां-पिता की पहले ही हो चुकी मौत

बताया गया कि अरुण के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अरुण की दो बहने और दो भाई हैं, जिनमें दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। पिता पुलिस विभाग में थे और कार्यकाल के दौरान ही उनकी मौत हो गई थी। अब पिता की जगह अरुण को आश्रित कोटे में नौकरी मिलने की प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन वर्दी पहनने से पहले ही सपना टूट गया। वहीं युवक के यमुना में डूबने की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार भी पहुंच रहे हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। 

परिवार पर टूटा गमों का पहाड़

अरुण की मां की कई साल पहले ही मौत हो गई थी। इसके बाद 2018 में ड्यूटी के दौरान पिता की भी मौत हो गई थी। परिजन मां-पिता की मौत को भुला भी नहीं पाए थे और अब अरुण कुमार भी यमुना में डूब गया। पहले माता-पिता की मौत और अब बेटे के यमुना में डूबने से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।