लाइव टीवी

Agra Water Crisis: आगरा के आवास विकास, ताजनगरी फेस वन और पंचकुइयां में नहीं आया पानी, लोगों का फूटा गुस्सा

Updated Jun 06, 2022 | 18:39 IST

Agra Water Crisis: भीषण गर्मी में ताजनगरी आगरा में कई इलाकों में पानी नहीं आया। इस वजह से लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने टंकी पर जाकर शिकायत की लेकिन वहां मौजूद ऑपरेटर भी वहां से रफूचक्कर हो गया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
आगरा में लोग पानी के लिए परेशान (फाइल फोटो)
मुख्य बातें
  • आगरा में कई इलाकों में जलापूर्ति ठप, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा
  • लाखों लोग बिन पानी के हुए परेशान
  • लीकेज के कारण नहीं आया पानी, शाम में दुरुस्त हुई लाइन

Agra Water Crisis: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में भीषण गर्मी के बीच कई जगहों पर लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ा। रविवार को आवास विकास कॉलोनी, ताजनगरी फेस वन और शाहगंज क्षेत्र के पंचकुइयां में लाखों लोगों को पानी नहीं मिला। जिससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, ताजनगरी फेस वन तीन दिन से पानी की किल्लत बनी रही। यहां बने पंप हाउस में आई खराबी की वजह से सप्लाई ठप हो गई।

इससे लोग पानी के लिए परेशान रहे। उधर, आवास विकास के सेक्टर-1 से 16 तक के करीब एक लाख लोगों को रविवार को भी पानी नहीं मिल पाया। आवास विकास कालोनी में टूटी 18 इंच की पाइप लाइन शनिवार रात को दुरुस्त कर दी गई थी लेकिन रविवार को जलापूर्ति सुचारु नहीं हुई। दिन भर टीम काम करती रही तब जाकर शाम को समस्या का समाधान हो सका।

दो दिन बाधित रही जलापूर्ति

आपको बता दें कि, ताजनगरी स्थिति पंपिंग हाउस के वाल्व में खराबी आने की वजह से दो दिन से जलापूर्ति बाधित हो रही थी। कुछ क्षेत्रों में कम पानी पहुंच रहा था लेकिन कई इलाके ऐसे थे यहां पूरी तरह से सप्लाई ठप थी। इसकी वजह से लोगों को भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा था। लोगों ने टंकी पर जाकर शिकायत की तो वहां तैनात ऑपरेटर भी गायब हो गया। हालांकि जलकल विभाग के आरएस यादव ने बताया कि, रविवार शाम को समस्या का समाधान कर दिया गया। हलवाई की बगीची स्थित पंपिंग स्टेशन में बाल्व में आए फॉल्ट के कारण रविवार को आवास विकास कॉलोनी के सभी सेक्टरों में जलापूर्ति ठप हो गई। जानकारी पर पार्षद सुषमा जैन व पार्षद पति संजू सिकरवार पंपिंग स्टेशन पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने अधिशासी अभियंता विजय बहादुर सिंह सहायक अभियंता सतीश,अवर अभियंता अनूप सूद से आपूर्ति ठप होने की जानकारी की। तब जाकर वाल्व ठीक हुआ और रविवार शाम को जलापूर्ति हो पाई।

लीकेज बनी जलापूर्ति में बाधा

दूसरी ओर, शाहगंज क्षेत्र के पंचकुइयां में लीकेज के कारण पानी नहीं मिल सका। यहां के विकास प्रजापति ने बताया कि, रविवार को सुबह और शाम को पानी नहीं मिल सका। पता करने पर लीकेज के कारण पानी नहीं आने की समस्या बताई गई। जलकल के सचिव एसके श्रीवास्तव ने कहा कि, शिकायत मिलने के बाद रविवार को हलवाई की बगीची स्थित पंपिंग स्टेशन वॉल्व में आई खराबी को ठीक करा दिया गया है। जलापूर्ति सुचारू हो गई है। अगर किसी इलाके में दिक्कत आ रही है तो उसे जल्द दुरुस्त करा देंगे।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।