लाइव टीवी

यूपी में प्रेमी के प्यार में पागल पत्नी बनी जल्लाद, पति पर पेट्रोल छिड़क जिंदा जला डाला, बेटा रोता रहा- पापा जल रहे हैं

Updated Aug 09, 2022 | 22:11 IST

Mathura Crime News: मथुरा में एक महिला ने अपने पति को जिंदा जला दिया। महिला अपने प्रेमी से मिलना चाहती थी, जिसका पति विरोध करता था। इस बात को लेकर विवाद हुआ था। सोते समय पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
महिला ने अपने पति को जिंदा जला दिया (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • मथुरा में महिला ने पति को जिंदा जलाया, बच्चों ने देखा खौफनाक मंजर
  • सोते समय पति पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
  • प्रेमी से बातचीत और मिलने का विरोध करता था पति

Mathura Husband Burnt Alive: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला प्रेमी के प्यार में इस कदर पागल हुई कि पति को जिंदा जला दिया। महिला ने अपने बच्चों के सामने ही पति को जिंदा जला दिया। पति की तड़प- तड़पकर मौत हो गई। जिस समय आरोपी महिला ने वारदात को अंजाम दिया, उस वक्त पति कमरे में सो रहा था। आरोपी महिला ने इसी दौरान उस पर पेट्रोल छिड़का और आग के हवाले कर दिया। बताया जा रह है कि आरोपी महिला का दिल्ली में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। वह प्रेमी से मिलना चाहती थी। लेकिन पति इसका विरोध कर रहा था, इस पर महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। 

जानकारी के अनुसार, कोसी कला कस्बा के मीनानगर गांव में यह घटना सोमवार सुबह को हुई। महिला का पति आग में 80 फीसदी झुलस गया था। मंगलवार सुबह दिल्ली के एक अस्पताल में उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

दिल्ली में युवक से शुरू हुआ था अफेयर

फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को भी हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी प्रेमी की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि पति रमन (35) दिल्ली डेवेलपमेंट अथॉरिटी में जॉब करता था। रमन अपनी पत्नी रेखा (32) व तीन बच्चों के संग दिल्ली में ही रहता था। जब पत्नी का अफेयर शुरू हुआ तो वह वापस गांव आ गया था। रमन के बड़े बेटे मयंक के अनुसार, हम लोग दो साल दिल्ली में रहे थे। वहां मम्मी की पड़ोस में रहने वाले एक अंकल से दोस्ती हो गई थी। पापा को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने गुस्सा किया। मम्मी का फोन हमेशा बिजी रहता था। फोन को लेकर भी एक बार झगड़ा हुआ था। बाद में पापा ने हम लोगों को वापस गांव भेज दिया था।

फोन पर बात करती रहती थी मम्मी

बेटे मयंक ने बताया कि कुछ दिन बाद पापा भी वापस गांव आ गए। वो रोजाना गांव से दिल्ली जाते थे। गांव आने पर भी मम्मी फोन पर बात करती रहती थी। मम्मी दिल्ली जाने के लिए कहती थी। रविवार को देर रात घर में पापा-मम्मी के बीच मारपीट हुई थी। रात में पापा हम लोगों को लेकर एक कमरे में सो गए। जब सुबह 7 बजे के करीब शोर होने पर आंख खुली तो सामने पापा आग की लपटों में घिरे थे। जब हमने पापा को बचाने की कोशिश की तो मम्मी ने हमें धमकाया। धुआं बढ़ा तो मम्मी हमें दूसरे कमरे में ले गई।

पापा बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे, मम्मी ने नहीं करने दी मदद

इस बीच पापा भी कमरे के अंदर से दौड़ते हुए बाहर निकल गए। बाहर नीचे गिरकर वो बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। इस बीच गांव के लोग भी घर में आ गए। सब लोग पापा को अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें दिल्ली भेज दिया था। कोतवाल अनुज राणा के अनुसार, बेटे की गवाही के आधार पर महिला को हिरासत में ले लिया है। महिला के प्रेमी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही प्रेमी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।