लाइव टीवी

दिल खुश करने के साथ आंखे भर देगी ये खबर, भोपाल के अस्पताल में भर्ती 6 साल के बच्चे का डॉक्टर्स ने मनाया बर्थडे

Updated Jul 21, 2022 | 21:59 IST

Bhopal Hospital Birthday: डॉक्टर्स को भगवान कहा जाता है। इस बात को एक बार फिर से डॉक्टर ने चरितार्थ किया है। लिवर की बीमारी से जूझ रहे एक बच्चे का जन्मदिन डॉक्टर्स ने अस्पताल में ही बड़े धूमधाम से मनाया। बच्चे के लिए वार्ड को बिल्कुल घर की तरह सजाया गया। चॉकलेट और केक लाए गए। हालांकि लिवर फेल होने की वजह से बच्चा केक नहीं खाया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का मनाया जन्मदिन। अस्पताल की तस्वीर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • हमीदिया अस्पताल के पीडियाट्रिक मेडिसिन विभाग में भर्ती है छह साल का बच्चा
  • विदिशा का रहने वाला यह बच्चा 11 जुलाई से अस्पताल में है भर्ती
  • पिछले तीन दिनों से वेंटिलेटर पर है मासूम

Birthday Celebration in Hospital: हमीदिया अस्पताल का पीआईसीयू वार्ड बुधवार को जमकर सजाया गया। आमतौर पर जिस वार्ड में शांति रहती है वह तालियों की आवाज से गूंज रहा था। मौका था वार्ड में भर्ती एक मासूम के बर्थडे का। दरअसल, यहां भर्ती छह साल के बच्चे का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया गया। डॉक्टर्स और स्वास्थ्य कर्मियों ने इस वार्ड को अच्छे से सजाया और फिर केक कटिंग की गई। विदिशा का रहने वाला छह साल का हर्ष लिवर की बीमारी से जूझ रहा है।

20 जुलाई को उसका जन्मदिन था। वह अपना जन्मदिन मनाने को उत्सुक था। ऐसे में डॉक्टर्स ने उसका जन्मदिन वार्ड में ही मनाने का फैसला लिया। मासूम 11 जुलाई से अस्पताल में भर्ती है। पिछले तीन दिनों से वह वेंटिलेटर पर है। उसे खून की उल्टी हो रही है। इस वजह से बर्थडे मनाने पर वह अपना केक नहीं खा सका। हालांकि बर्थडे सेलिब्रेशन से वह काफी खुश हुआ। इस सेलिब्रेशन में उसके परिवार वाले भी शामिल हुए। 

बच्चे ने रखी थी केक, चिप्स, बिस्किट और बैलून की डिमांड

डॉक्टर्स ने जब हर्ष से पूछा की बर्थडे पर क्या-क्या चाहिए तो उसने बताया कि उसे केक, बिस्किट, चिप्स और बैलून चाहिए। उसके बेड के आस-पास सजावट होनी चाहिए। इसके बाद डॉक्टर्स ने अपने खर्च से सारा सामान मंगवाया और स्टाफ नर्स के साथ मिलकर बेड के आस-पास सजावट की गई। पूरे वार्ड को सजाया गया। हर्ष को बर्थडे वाली टोपी भी पहनाई गई। यह सब देखकर हर्ष काफी खुश हुआ। हालांकि केक कटिंग के दौरान वह काफी भावुक हो गया। 

बर्थडे मनाता देख डॉक्टर्स हुए भावुक

बच्चे की ऐसी हालत के बीच उसके जन्मदिन मनाए जाने पर उसकी खुशी देखकर डॉक्टर्स और स्टाफ नर्स भावुक हो गए। सभी ने भगवान से हर्ष की लंबी उम्र की कामना की। वहीं, परिवार वालों को किसी चमत्कार होने की उम्मीद है। बता दें हर्ष की बहन का पिछले महीने बर्थडे था। तब उसकी स्थिति ठीक थी। ऐसे में उसने खूब मस्ती के साथ अपनी बहन का बर्थडे मनाया था और खूब केक खाया था। अपने बर्थडे पर भी वह पार्टी करना चाह रहा था, इसलिए उसने डॉक्टर्स से बर्थडे की बात छेड़ी थी। उसकी यह इच्छा डॉक्टर्स और स्टाफ ने पूरी की। 

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।