लाइव टीवी

Bhopal Police News: भोपाल में वाहन चेकिंग के दौरान बदसलूकी करना दो सिपाहियों को पड़ा महंगा, हुए निलंबित

Updated Aug 13, 2022 | 21:05 IST

Bhopal Constable Suspended: आम जनता के साथ गलत व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने सिपाहियों पर कार्रवाई की गई है। वाहन चेकिंग के दौरान दुर्व्यवहार मामले में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना के बाद से अन्य सिपाहियों में भी दहशत का माहौल है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
वाहन चेकिंग के दौरान बुरा व्यवहार करने पर नपे दो पुलिस वाले
मुख्य बातें
  • कई पुलिस कर्मियों को मुख्यालय की ओर से नोटिस भी जारी किया गया
  • भदभदा के पास चेकिंग के दौरान सिपाही ने मैजिक वाहन के गेट का शीशा डंडा मारकर तोड़ दिया था
  • शीशे का टुकड़ा लगने के कारण चालक बुरी तरह हो गया था घायल

Bhopal Traffic Police: भोपाल पुलिस की बर्बरता का वीडियो वायरल होने के बाद दो सिपाहियों पर गाज गिरी है। पुलिस मुख्यालय ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जबकि आम लोगों से दुर्व्यवहार के मामले में कई पुलिस कर्मियों को नोटिस जारी किया गया है। इससे महकमे में हड़कंप मचा है। 

गौरतलब है कि शहर के भदभदा के पास शुक्रवार को वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान चार्ली मोबाइल के सिपाही ने मैजिक वाहन के गेट पर डंडा मारकर उसका शीशा तोड़ दिया था। शीशे का टुकड़ा वाहन चालक को कई जगहों पर लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद ही अधिकारियों ने चेकिंग प्वाइंट पर तैनात दोनों सिपाहियों पर कार्रवाई की है। 

क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि जवाहर चौक पर रहने वाले श्रवण कुमार द्विवेदी मालवाहक मैजिक वाहन चलाते हैं। वह काम से शुक्रवार की दोपहर रातीबड़ की तरफ अपना वाहन लेकर जा रहे थे। भदभदा पुलिस चौकी के आगे ज्यूडिशियल एकेडमी के पास पुलिस की एक टीम वाहनों की जांच कर रही थी। श्रवण को भी पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह समय पर ब्रेक नहीं लगा सके। इससे आक्रोशित एक सिपाही ने श्रवण की गाड़ी पर डंडा मारा। डंडा वाहन के गेट की खिड़ी पर लगा और उसका शीशा टूट गया। शीशा श्रवण को चुभने से उनका खून बहने लगा। उन्होंने गाड़ी तुरंत साइड में खड़ी की और घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

पब्लिक फ्रेंडली पुलिस पर उठ रहे सवाल

पुलिस कर्मियों द्वारा आम लोगों के साथ बदसलूकी की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। दूसरी ओर आला अधिकारी अपनी बैठकों में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश देते हैं कि आम लोगों के साथ विनम्रता के साथ पेश आए, लेकिन यह होता नहीं दिख रहा है। ऐसे में पब्लिक फ्रेंडली भोपाल पुलिस का संकल्प साकार कैसे होगा? यह सवाल शहरवासी सोशल मीडिया के जरिए कर रहे हैं। 

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।