लाइव टीवी

पहली बार मुख्य भारतीय रेल नेटवर्क से जुड़ेगा सिक्किम, 2023 तक शुरू हो सकती है सर्विस

Updated Aug 10, 2022 | 16:53 IST

Sikkim Rail Network: अब पश्चिम बंगाल से सिक्किम का रास्ता और भी आसान होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि अगले साल के अंत तक रेल लाइन शुरू होने की संभावना है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
पश्चिम बंगाल को सिक्किम से जोड़ेगी ये रेल लाइन

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने सिक्किम (Sikkim) को भारतीय रेलवे नेटवर्क के तहत चल रहे निर्माण कार्य की स्टेटस अपडेट साझा की है। सिवोके-रंगपो परियोजना के पूरा होने के बाद सिक्किम के लोग भारतीय रेल नेटवर्क का लाभ उठा सकेंगे। भारतीय रेलवे के मुताबिक, वेस्ट बंगाल सिक्किम रेल लिंक परियोजना को 2015 तक ही पूरा किया जाना था। लेकिन कई दिक्कतें आने की वजह से इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में काफी समय लग गया।

दिसंबर 2023 तक चालू हो सकती है रेल लाइन
भारतीय रेलवे के मुताबिक, पिछले महीने तक इस मार्ग पर पड़ने वाले 14 सुरंगों में से लगभग 52.13 प्रतिशत (20.25 किमी) का काम पूरा हो चुका है। पुलों पर 33 फीसदी का काम पूरा हो चुका है। पश्चिम बंगाल के सिवोके को सिक्किम के रंगपो से जोड़ने वाली 52 किमी की रेल लाइन के दिसंबर 2023 तक चालू होने की उम्मीद है।

इस परियोजना में 14 सुरंग और 5 स्टेशन शामिल हैं जिनमें से एक कालिंपोंग जिले के तीस्ता में है, जो भूमिगत होगा। कम से कम 86 फीसदी मार्ग 14 सुरंगों से होकर गुजरेंगे जिनमें से 13 सुरंगे पश्चिम बंगाल में हैं। लाइन एक ब्रॉड गेज (5 फीट 6 इंच) है और इसमें प्रस्तावित 65 किलोमीटर प्रति घंटा गति सीमा है।

स्थानीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा 
ट्रैक के एक बार चालू होने के बाद यह पहली बार होगा, जब सिक्किम को मुख्य भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बाद में इसे गंगटोक से जोड़ा जाएगा। रेल लिंक कंचनजंगा पर्वत श्रंखला की तलहटी और तीस्ता नदी घाटी के इलाके से होकर गुजरेगा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।