लाइव टीवी

Chandigarh: विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में चंडीगढ़, 7500 प्रतिभागियों से बनेगा सबसे बड़ा लहराता 'तिरंगा'

Updated Aug 10, 2022 | 19:01 IST

Chandigarh News: आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के द्वारा एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 13 अगस्‍त को सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में करीब 7500 लोग एकजुट होकर लहरते राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ की शक्‍ल में दिखाई देंगे। कार्यक्रम सफल होने पर यह अपने आप में विश्‍व रिकॉर्ड होगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
चंडीगढ़ बनाएगा राष्ट्रीय ध्वज लहराने का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड
मुख्य बातें
  • 13 अगस्‍त को सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा कार्यक्रम
  • 7500 लोग एकजुट होकर दिखेंगे लहरते राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ की शक्‍ल में
  • चंडीगढ़ प्रशासन और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के द्वारा आयोजित होगा यह कार्यक्रम

Chandigarh News: ब्‍यूटीफुल शहर चंडीगढ़ में आजादी के 75वें वर्ष पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाने की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इस दौरान शहर में 13 अगस्त से 16 अगस्त की शाम तक कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस खास मौके पर चंडीगढ़ के लोग एक विश्‍व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं। 13 अगस्‍त को सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में करीब 7500 लोग एकजुट होकर लहरते राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ की शक्‍ल में दिखाई देंगे।

तिरंगा बनने वाले ये सभी प्रतिभागी अलग-अलग रंगों में इस तरह रंगे होंगे कि आसमान से देखने पर ऐसा लगेगा कि जैसे हमारा तिरंगा स्‍टेडियम के अंदर हवा में लहरा रहा है। इस खास कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित मुख्यातिथि होंगे, जबकि विदेश एवं सांस्कृतिक राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगी। इस कार्यक्रम का आयोजन यूटी प्रशासन व चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के छात्र साथ मिलकर कर रहे हैं।

अभी तक किसी देश में नहीं हुआ इस तरह का कार्यक्रम

अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्‍य उद्देश्‍य लोगों के दिलों में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करना है। यह आम लोगों की सबसे बड़ी जनभागीदारी का प्रतीक भी होगा। इस कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागी बारी बारी से इस तरह से एक्ट करेंगे कि देखने वालों को ऐसा प्रतीत होगा कि जैसे हवा के साथ तिरंगा लहरा रहा है। अगर यह कार्यक्रम सफल रहता है तो यह अपने आप में एक विश्‍व रिकॉर्ड बनेगा, क्‍योंकि इतने लोगों के भागीदारी के साथ किसी भी देश में ध्‍वज को इस तरह से नहीं लहराया गया है। बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव में लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लहराने का आह्वान किया है। जिसको लेकर आम लोगों के साथ प्रशासन भी इसकी जोरों-शोरों से तैयारी कर रहा है। प्रशासन की तरफ से शहर में तिरंगे उपलब्ध कराने के लिए 31 सेंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा अन्‍य सरकारी विभागों में भी तिरंगा वितरित किया जा रहा है।