लाइव टीवी

Slum Free Chandigarh: फिर चमकेगा चंडीगढ़, बनेगा स्लम फ्री, प्रशासन का ब्‍लू प्रिंट तैयार

Updated May 05, 2022 | 14:41 IST

Slum Free Chandigarh: चंडीगढ़ प्रशासन इस शहर को एक बार फिर से ब्‍युटीफुल बनाने में जुटा है। शहर को पूरी तरह से स्‍लम फ्री करने के लिए एक ब्‍लू प्रिंट तैयार किया गया है। जिसके तहत छह माह के अंदर पूरे शहर को स्‍लम फ्री कर दिया जाएगा। इसके बाद शहर में स्‍लम एरिया नहीं पनपने दी जाएगी। इस माह प्रशासन संजय कॉलोनी और जनता कॉलोनी को खाली कराएगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
चंडीगढ़ बनेगा स्‍लम फ्री
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ छह माह के अंदर बनेगा पहला घोषित स्‍लम फ्री शहर
  • चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर को स्‍लम फ्री करने का तैयार किया ब्‍लू प्रिंट
  • इस माह संजय कॉलोनी और जनता कॉलोनी को कराया जाएगा खाली

Slum Free Chandigarh: चंडीगढ़ को ब्‍यूटीफुल शहर का दर्ज मिला हुआ है, लेकिन अब यह सिर्फ लिखने-पढ़ने तक ही सीमित रह गया है। पिछले कुछ सालों से शहर के अंदर पनप रहे स्‍लम एरिया ने इस शहर की खूबसूरती को छीन लिया है। हालांकि अब चडीगढ़ प्रशासन नींद से जाग चुका है और लगातार ऐसी स्‍लम एरिया पर कार्रवाई भी कर रहा है। अब इस शहर को पूरी तरह से स्‍लम एरिया फ्री करने का ब्‍लू पिंट तैयार किया गया है। जिसके तहत 6 माह के अंदर शहर से सभी स्‍लम एरिया को हटा दिया जाएगा।

इन स्लम एरिया को हटाने के बाद चंडीगढ़ देश का पहला घोषित स्लम फ्री शहर बन जाएगा। प्रशासन इन स्‍लम एरिया को आगे पनपने से रोकने के लिए एक सख्‍त नीति भी बना रहा है, जिससे आगे भी कहीं पर स्लम एरिया डेवलप न हो पाए। इसके लिए जिस एरिया में झुग्गी बनेंगी उस एरिया के एंफोर्समेंट इंस्पेक्टर से लेकर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका पूरा प्लान तैयार कर लिया है।

प्रशासन ने खाली कराई 370 एकड़ सरकारी जमीन

चंडीगढ़ प्रशासन का बुलडोजर माह के शुरुआत से ही चल रहा है। एक मई को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शहर के सबसे बड़े स्लम एरिया कॉलोनी नंबर-4 को गिराकर करीब 80 एकड़ सरकारी जमीन खाली कराई थी। अब मई के आखिर तक दो और बड़ी कॉलानियों को गिराने के आदेश जारी हो चुके हैं। इसमें इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित संजय कॉलोनी और सेक्टर-25 में स्थित जनता कॉलोनी है। इन कॉलोनियों में अभी मुनादी प्रक्रिया चल रही है। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा तीन और कॉलोनियां हैं, जहां पर नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है। अधिकारियों के अनुसार, अभी तक प्रशासन ने करीब 370 एकड़ सरकारी जमीन को खाली करा लिया है।

इन्हें हटाया जाना बाकी

चंडीगढ़ प्रशासन ने जो ब्‍लू प्रिंट बनाया है। उसके अनुसार, छह माह के अंदर कई स्‍लम एरिया को खाली कराया जाएगा। इसमें सेक्टर-25 की जनता और कुम्हार कालोनी, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की संजय कॉलोनी, शाहपुर और सेक्टर-53 की आदर्श कॉलोनी और धनास की कच्ची कॉलोनी शामिल है। वहीं इनमें से जनता कॉलोनी और संजय कॉलोनी को इस माह खाली कराया जाएगा।