लाइव टीवी

Chandigarh Weather: वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्‍म, भीषण गर्मी के लिए रहें तैयार, मौसम विभाग का अलर्ट

Updated Apr 24, 2022 | 21:36 IST

Chandigarh Weather: चंडीगढ़ में अब वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्‍म हो रहा है। जिस वजह से दिन गर्म और राते ठंडी हो रही हैं। हालांकि आसमान में छाए हल्‍के बादलों के कारण अधिकतम तापमान में अभी ज्‍यादा बढ़ोत्‍तरी दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जल्‍द ही तापमान बढ़ेगा और माह के अंतिम दिनों में यह 42 डिग्री को पार कर सकता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
चंडीगढ़ में बढ़ रहा दिन का तापमान (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का खत्‍म हो रहा असर
  • शहर का दिन गर्म और राते अपेक्षाकृत हो रही ठंडी
  • माह के अंतिम दिनों में तापमान पहुंचेगा 42 डिग्री के पार

Chandigarh Weather:  चंडीगढ़ व आसपास के क्षेत्रों में करीब एक सप्‍ताह से सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर अब खत्म होने लगा है। जिसकी वजह से अब दिन के समय शहर का तापमान बढ़ने लगा है। हालांकि रात के समय में अभी भी ठंड बरकरार है। रात को जहां शहर का न्यूनतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री कम रहा, वहीं रविवार के दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोत्‍तरी दर्ज की गई। लेकिन अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया।

हालांकि अब एक बार फिर से तापमान में उछाल दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, अब लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और यह सोमवार को 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दिन के समय सूरज की तेज चमक लोगों को झुलसाएगी।

28 अप्रैल तक दिन गर्म और रात होगी ठंडी

मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर धीरे-धीरे खत्‍म हो रहा है, लेकिन अभी यह पूरी तरह से नहीं गया है। जिस वजह से जहां दिन झुलसाने वाला रहेगा, वहीं रातें अपेक्षाकृत ठंडी होंगी। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर चंडीगढ़ के अलावा पंजाब और हरियाणा पर भी हुआ। इन राज्‍यों के अधिकतर जिलों में तापमान अभी 40 डिग्री से नीचे है। आने वाली 28 अप्रैल तक इस मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। 28 अप्रैल के बाद दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोत्‍तरी होगी। दिन का तापमान जहां 42 डिग्री तक पहुंचेगा, वहीं रातें भी उमस भरी रहेंगी।

आसमान में अभी भी छाए हल्‍के बादल

चंडीगढ़ के आसमान में अभी भी आंशिक तौर पर बादल छाए हुए हैं। जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में ज्‍यादा बढ़ोत्‍तरी नहीं हुई। यही हाल सोमवार का भी रहेगा, लेकिन मंगलवार से आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। जिस वजह से चंडीगढ़ के कुछ इलाकों समेत पंजाब और हरियाणा में भी लू चलने की संभावना बन रही है। ऐसे में लोगों को एहतियात के तौर पर दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी गई है।