लाइव टीवी

भारतीय दिग्गज ने रणजी में जड़ा शतक, मजबूत किया टेस्ट टीम में अपनी जगह का दावा 

Updated Feb 18, 2022 | 06:40 IST

Ajinkya Rahane's Ranji Century: अजिंक्य रहाणे ने सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में शानदार शतक जड़कर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में अपनी जगह बनाए रखने के दावा पेश किया है।  

Loading ...
अजिंक्य रहाणे
मुख्य बातें
  • अजिंक्य रहाणे ने रणजी ट्रॉफी के नए सत्र के पहले दिन सौराष्ट्र के खिलाफ खेली
  • रहाणे ने 250 गेंद में खेली नाबाद 108 रन की पारी
  • श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पेश की टीम में अपनी दावेदारी

अहमदाबाद: भारतीय टेस्ट टीम में जगह बचाने की कवायद में लगे अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मैच के पहले दिन सौराष्ट्र के खिलाफ शतक जड़ा जिससे मुंबई ने तीन विकेट पर 263 रन बनाए। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई के लिए सरफराज खान ने भी 219 गेंद में नाबाद 119 रन की पारी खेली लेकिन सभी की नजरें रहाणे की टिकी थीं जिन्होंने 250 गेंद में नाबाद 108 रन बनाए।

212 गेंदों में रहाणे ने पूरा किया शतक 
दक्षिण अफ्रीका में हाल में संपन्न टेस्ट श्रृंखला में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे रहणे ने 212 गेंद में 14 चौकों और दो छक्कों की मदद से शतक पूरा किया। यह सीनियर भारतीय बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट दौरे पर भारत की 1-2 की हार के दौरान छह पारियों में 136 रन ही बना पाया था।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पेश किया दावा
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला मार्च के पहले हफ्ते से खेली जानी है और ऐसे में इस शतक से रहाणे का आत्मविश्वास बढ़ेगा और टीम इंडिया में वह अपनी जगह भी बचाने में सफल हो सकते हैं। इस मुकाबले में रहाणे के खिलाफ खेल रहे चेतेश्वर पुजारा भी बड़ी पारी खेलकर टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाने की कोशिश करेंगे।

22 रन पर मुंबई ने गंवा दिए थे दो विकेट 
जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया की तेज गेंदबाजी जोड़ी के सामने मुंबई की शुरुआत खराब रही और टीम ने 22 रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों आकर्षित गोमेल (08) और पृथ्वी साव (01) के विकेट गंवा दिए। चिराग जानी ने इसके बाद सचिन यादव को पगबाधा करके मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 44 रन किया।

रहाणे और सरफराज खाव के बीच हुई 219 रन की साझेदारी 
रहाणे और सरफराज ने इसके बाद चौथे विकेट के लिए 219 रन की अटूट साझेदारी करके सौराष्ट्र के गेंदबाजों को दिन का खेल खत्म होने तक सफलता से महरूम रखा। रहाणे ने 212 गेंद में 36वां प्रथम श्रेणी शतक पूरा किया। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर धर्मेंद्र सिंह जडेजा पर छक्का और फिर एक रन के साथ शतक बनाया।

रहाणे 2021 में 20.82 के औसत से सिर्फ 479 टेस्ट रन बना पाए जिसके बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले उनके हाथ से टीम की उप कप्तानी छीम ली गई थी। तब से उनकी टीम इंडिया में जगह पर तलवार लटकी हुई है।  
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल