लाइव टीवी

हर्षल पटेल के नाम दर्ज हुई IPL की 20वीं हैट्रिक, जानिए अब तक किसने-किसने किया है ये कमाल

Updated Sep 27, 2021 | 14:03 IST

Full list of hat-tricks in IPL: तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने मुंबई के खिलाफ धमाल मचा दिया। पटेल की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत आरसीबी ने बड़ी जीत दर्ज की।

Loading ...
हर्षल पटेल (बीच में)
मुख्य बातें
  • हर्षल पटेल ने मुंबई के खिलाफ हैट्रिक ली
  • यह आईपीएल इतिहास की 20वीं हैट्रिक है
  • जानिए, किसने-किसने ये कमाल किया है

Bowlers who have picked a hat-trick in IPL: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने रविवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ धारदार गेंदबाजी की। उन्होंने 3.1 ओवर में महज 17 रन देकर 4 खिलाड़ियों का शिकार किया। उन्होंने इस दौरान एक शानदार हैट्रिक ली, जिसके चलते मुकाबला यादगार बन गया। हर्षल ने यह हैट्रिक उस वक्त अपने नाम की, जब मुंबई को अंतिम चार ओवरों में 61 रनों की जरूरत थी। उन्होंने 17वें ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर विकेट झटककर विपक्षी टीम के मंसूबों पर पानी फेर दिया। हर्षल ने हार्दिक पांड्या (3), कीरोन पोलार्ड और राहुल चाहर को पवेलियन भेजा।

हर्षल पटेल के नाम दर्ज हुई IPL की 20वीं हैट्रिक

हर्षल की कातिलाना गेंदबाजी के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 111 के कुल स्कोर पर ढेर हो गई। आरसीबी ने 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए थे। हर्षल की बदौलत आरसीबी ने 54 रन से जबरदस्त जीत हासिल की। बता दें कि हर्षल ने आईपीएल में 20वीं हैट्रिक ली है। आईपीएल 2019 के बाद किसी गेंदबाज ने टूर्नामेंट में हैट्रिक झटकने का कारनामा अंजाम दिया है। आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा के नाम दर्ज है। वह अब तक तीन हैट्रिक ले चुके हैं।

जानिए अब तक किसने-किसने किया ये कमाल

   गेंदबाज    टीम  खिलाफ    वेन्यू  मैच की तारीख
 1  लक्ष्मीमति बालाजी    चेन्नई सुपर किंग्स   किंग्स इलेवन पंजाब  एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई  10 मई, 2008
 2  अमित मिश्रा   दिल्ली डेयरडेविल्स   डेक्कन चार्जर्स  अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली    15 मई, 2008
 3  मखाया एंटिनी  चेन्नई सुपर किंग्स   कोलकाता नाइट राइडर्स  ईडन गार्डन स्टेडियम, कोलकाता   18 मई, 2008  
 4  युवराज सिंह  किंग्स इलेवन पंजाब  रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  किंग्समीड, दक्षिण अफ्रीका   1 मई, 2009
 5  रोहित शर्मा  डेक्कन चार्जर्स  मुंबई इंडियंस  सेंचुरियन पार्क, दक्षिण अफ्रीका   5  मई, 2009
 6  युवराज सिंह  किंग्स इलेवन पंजाब  डेक्कन चार्जर्स  वानडेयर्स स्टेडियम, दक्षिण अफ्रीका  21 मई, 2009
 7  प्रवीण कुमार  रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  राजस्थान रॉयल्स  एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु  13 मई, 2010
 8  अमित मिश्रा  डेक्कन चार्जर्स  किंग्स इलेवन पंजाब  एचपीसीए स्टेडियम, धर्माशाला   21 मई, 2011
  9  अजीत चंदीला  राजस्थान रॉयल्स  पुणे वॉरियर्स इंडिया  सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर  13 मई, 2012
 10  सुनील नरेन  कोलकाता नाइट राइडर्स  किंग्स इलेवन पंजाब  पीसीएएस स्टेडियम, मोहाली  16 अप्रैल, 2013
 11  अमित मिश्रा  सनराइजर्स हैदराबाद  पुणे वॉरियर्स इंडिया  एमसीए स्टेडियम, पुणे  17 अप्रैल, 2013
 12  प्रवीण ताम्बे  राजस्थान रॉयल्स  कोलकाता नाइट राइडर्स  सरदार पटेल स्टेडियम, अहमदाबाद   5 मई, 2014
 13  शेन वॉटसन  राजस्थान रॉयल्स  सनराइजर्स हैदराबाद  सरदार पटेल स्टेडियम, अहमदाबाद   8 मई, 2014
 14  अक्षर पटेल   किंग्स इलेवन पंजाब  गुजरात लॉयंस    एससीएएस स्टेडियम, राजकोट  1 मई, 2016
 15  सैमुअल बद्री   रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  मुंबई इंडियंस  एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु  14 अप्रैल, 2017
 16  एंड्रु टाई  गुजरात लॉयंस   राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स   एससीएएस स्टेडियम, राजकोट  14 अप्रैल, 2017
 17  जयदेव उनादकट   राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स  सनराइजर्स हैदराबाद  राजीव गांधी स्टेडियम, हैदराबाद  6 मई, 2017
 18  सैम करन  किंग्स इलेवन पंजाब  दिल्ली डेयरडेविल्स  पीसीएएस स्टेडियम, मोहाली  1 अप्रैल, 2019
 19  श्रेयस गोपाल  राजस्थान रॉयल्स  रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु  30 अप्रैल, 2019
 20  हर्षल पटेल   रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर  मुंबई इंडियंस  दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, यूएई  26 सितंबर, 2021

गौरतलब है कि हर्षल पटेल ने मौजूदा सीजन में दमदार प्रदर्शन किया है। वह अभी तक 10 मैचों में 8.58 के इकोनॉमी रेट से 23 विकेट चटका चुके हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 27 रन देकर 5 विकेट हैं।  हर्षल सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की फेहरिस्त में टॉप पर हैं। उन्होंने साल 2012 में आईपीएल डेब्यू किया था। वह आईपीएल में 58 मैचों में मैदान पर उतरे हैं, जिसमें उन्होंने 69 शिकार किए हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल