लाइव टीवी

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में छाए सूर्यकुमार यादव, बने शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय

Updated Jul 10, 2022 | 22:48 IST

सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में धमाकेदार शतकीय पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। वो अंतरराष्ट्रीय टी20 में शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय बने।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
सूर्यकुमार यादव
मुख्य बातें
  • सूर्यकुमार यादव ने तीसरे टी20 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली 55 गेंद में 117 रन की आतिशी पारी
  • बने अंतरराष्ट्रीय टी20 में शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज
  • अपनी इस पारी के दौरान सूर्यकुमार ने जड़े 14 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के

नॉटिंघम: भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय बन गए। उन्होंने 48 गेंद पर 12 चौके और 5 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया और टीम इंडिया को जीत के मुहाने पर पहुंचा दिया। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यकुमार 55 गेंद पर 117 रन बनाकर मोईन अली की गेंद पर लपके गए। उनके आउट होते ही टीम की जीत की संभावना तकरीबन खत्म हो गई।

13 रन पर 2 विकेट के स्कोर पर उतरे थे मैदान पर 
जीत के लिए 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 13 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। विराट कोहली के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव चौथे पायदान पर बल्लेबाजी करने उतरे। इसके कुछ देर बाद कप्तान रोहित शर्मा भी पवेलियन लौट गए और स्कोर 5 ओवर में 31 रन पर 3 विकेट हो गया।

32 गेंद में पूरा किया अर्धशतक 
ऐसी मुश्किल स्थिति में सूर्यकुमार ने अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मोर्चा संभाला। दूसरे छोर पर उन्हें श्रेयस अय्यर का साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 29 गेंद में तेजी से अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इसके बाद सूर्यकुमार ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक 32 गेंद में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 

अय्यर के साथ की शतकीय साझेदारी
अर्धशतक पूरा करने के बाद सूर्यकुमार यादव ने गियर बदला। उन्होंने अय्यर के साथ 55 गेंद में चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। दोनों ने मिलकर 15 ओवर में टीम को 150 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन 16वें ओवर की पहली गेंद पर अय्यर रीस टॉप्ले की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। अय्यर ने 23 गेंद में 28 रन बनाए। इसके साथ ही अय्यर और सूर्यकुमार के बीच साझेदारी का अंत हो गया। दोनों के बीच 119 (62) रन की साझेदारी हुई। 

16 गेंद में तय किया अर्धशतक से शतक का फासला
अर्धशतक से शतक तक पहुंचने के लिए सूर्यकुमार ने केवल 16 गेंद और खेलीं और 48 गेंद में 12 चौके और 5 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। अंत में सूर्यकुमार 55 गेंद में 117 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी आतिशी पारी में 14 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़े।   
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल