लाइव टीवी

India vs Sri Lanka 1st T20I: पहले टी20 में बुरी तरह ढेर हुए श्रीलंकाई 'शेर', भारत ने दर्ज की धमाकेदार जीत

Updated Jul 25, 2021 | 23:55 IST

India vs Sri Lanka 1st T20I: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहला टी20 अपने नाम कर लिया। श्रीलंकाई एक समय अच्छी स्थिति में थी लेकिन फिर अचानक से ढेर हो गई।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
सूर्यकुमार यादव
मुख्य बातें
  • भारत बनाम श्रीलंका पहला टी20
  •  श्रीलंका ने टॉस जीत चुनी बॉलिंग
  • भारत ने 165 रन का लक्ष्य दिया था

कोलंबो: भारतीय टीम ने श्रीलंका के विरुद्ध तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है। भारत ने रविवार को पहले टी20 मैच में श्रीलंका पर 38 रन से जीत दर्ज की। भारत ने 165 रन का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 18.3 ओवर में 126 बनाकर सिमट गई। श्रीलंकाई पारी 15वें ओवर तक अच्छी स्थिति में थी लेकिन फिर अचानक टीम ढेर हो गई। श्रीलंका की खस्ता हालाता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उसके 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके।

श्रीलंका के लिए डेब्यूटेंट चरित असंलका (44) ने सबसे ज्यादा रन जुटाए। अविष्का फर्नांडो (26), दासुन शनाका (16) मिनोड भानुका (10), धनंजय डिसिल्वा (9), आशेन बंडारा (9), चमिका करुणारत्ने (3), वनिन्दु हसरंगा (0) इसरु उदाना (1) और दुष्मंथा चमीरा ने 1 रन बनाया। अकिला धनंजय 1 रन के निजी स्कोर पर नाबाद पवेलियन लौटे। भारत की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने सबसे शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 3.3 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। दीपक चाहर ने दो, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, डेब्यूटेंट वरुण चक्रवर्ती और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट झटका।  

भारत ने 5 विकेट गंवाकर 64 बनाए

इससे पहले भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 164 रन का स्कोर खड़ा किया। मेहमान टीम के लिए सूर्यकुमार यादव (50) ने सर्वाधिक रन बनाए। उनके अलावा शिखर धवन (46), संजू सैमसन (27), पृथ्वी शॉ (0) और हार्दिक पांड्या ने 10 रन का योगदान दिया। वहीं, इशान किशन 20 और क्रुणाल पांड्या 3 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से वनिन्दु हसरंगा और दुष्मंथा चमीरा ने दो-दो जबकि चमिका करुणारत्ने ने एक विकेट चटकाया। 

श्रीलंका ने की सधी हुई शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम ने सधी हुई शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो और मिनोड भानुका ने पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े। इस साझेदारी को क्रुणाल पांड्या ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर भानुका को आउट कर तोड़ा। भानुका ने गलत शॉट लेकर कवर पर सूर्यकुमार यादव को कैच थमा दिया। उन्होंने 7 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 10 रन बनाए। मालूम हो कि भानुका ने वनडे सीरीज में टीम के लिए बखूबी टिककर बल्लेबाजी की थी। 

नहीं चला धनंजय डिसिल्वा का बल्ला

भारत को दूसरी सफलता धनंजय डिसिल्वा के तौर पर मिली। मिनोड भानुका के बाद खेलने उतरे डिसिल्वा टिककर रन नहीं जुटा सके। उन्होंने 10 गेंदें खेलकर रन बनाए। उन्होंने एक चौका मारा। डिसिल्वा को स्पिनर युजवेंद्र चहल ने सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर  अपना शिकार बनाया। वह गुड लेंथ गेंद पर डिफेंस करना चाहते थे, लेकिन क्लीन बोल्ड हो गए। उनका विकेट 48 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने दूसरे विके के लिए अविष्का फर्नांडो के साथ 25 रन की साझेदारी की। 

फर्नांडो का भुवनेश्वर ने किया शिकार

श्रीलंका को तीसरा झटका ओपनर अविष्का फर्नांडो के रूप में लगा। फर्नांडो ने 23 गेंदों में 3 चौकों की बदौलत 26 रन बनाए। वनडे सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले फर्नांडो लय में लग रहे थे, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने आठवें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन चलता किया। फर्नांडो ने बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में डीप स्क्वेयर लेग पर संजू सैमसन के हाथों लपके गए। उनका विकेट 50 के कुल स्कोर पर गिरा।

आशेन बंडारा सस्ते में लौटे पवेलियन

श्रीलंका का चौथा विकेट आशेन बंडारा के तौर पर गिरा। उन्होंने 19 गेंदों में 9 रन बनाए। बंडारा ने भले ही बड़ी पारी नहीं खेली मगर उन्होंने चरित असलंका का बखूबी साथ दिया। उन्होंने और असलंका ने चौथे विकेट के लिए 40 रन की पार्टनरशिप की। बंडारा को हार्दिक पांड्या ने 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट किया। वह धीमी गति की गेंद पर चूक गए और बोल्ड हो गए। वह 90 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।  

चाहर ने एक ओवर में दो झटके दिए

भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने 16वें ओवर में श्रीलंकाई टीम को दो झटके दिए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर डेब्यूटेंट चरित असलंका और पांचवीं गेंद पर  वनिन्दु हसरंगा को अपना शिकार बनाया। असलंका ने छक्के मारने के प्रयास कोशिश में डीप मिडविकेट पर पृथ्वी शॉ को कैच थमाया। उन्होंने 26 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों के दम पर 44 रन की पारी खेली। उनका विकेट 111 के कुल स्कोर पर गिरा। वहीं, हसरंगा एक्स्ट्रा कवर की दिशा में शॉट लगाने के कोशिश में बोल्ड हो गए। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। 

श्रीलंका ने 19 रन  जोड़कर 6 विकेट खोए

श्रीलंका का 15वें ओवर तक स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 107 रन था। इसके बाद टीम लड़खड़ा गई और उसने सिर्फ 19 रन जोड़कर 6 विकेट गंवा दिए। 16वें ओवर में दीपक चाहर के दो विकेट लेने से श्रीलंकाई टीम पर अधिक दबाव पड़ा। यहां से श्रीलंका को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। वहीं, रही-सही कसर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पूरी कर दी। भुवी ने चमिका करुणारत्ने (3), दुष्मंथा चमीरा (1) और इसरु उदाना (1) का शिकार किया और श्रीलंका को 126 रन पर समेट दिया। 

शून्य पर पवेलियन लौटे पृथ्वी शॉ

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निराशाजनक आगाज किया। डेब्यूटेंट पृथ्वी शॉ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें पारी की पहली ही गेंद पर तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने अपना शिकार बनाया। शॉ ने फुल लेंथ गेंद पर फ्लिक करने का प्रयास किया लेकिन गेंद बल्ला का बाहरी किनारा लेकर विकेकीपर मिनोड भानुका के दस्तानों में समा गई। चमीरा ने पहले ओवर में 4 रन दिए। ओपनर शॉ ने वनडे सीरीज में दो अच्छी पारियां खेलीं पर वह टी20 सीरीज के पहले मैच में लड़खड़ा गए। 

संजू सैमसन बने हसरंगा शिकार

भारत को दूसरा झटका संजू सैमसन के रूप में लगा। पृथ्वी शॉ के जाने के बाद खेलने उतरे सैमसम ने 20 गेंदों में 27 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का जड़ा। सैमसन को स्पिनर  वनिन्दु हसरंगा ने छठे ओवर की पहली गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। वह गेंद को पिच पर पड़ने के बाध समझ नहीं पाए और लेग साइड में क्रॉस खेलने की कोशिश की। हालांकि, गेंद बल्ले पर नहीं आई और पैड पर जा टकराई। हसरंगा के अपील करते ही अंपायर कुमार धर्मसेना ने उंगली उठा दी। सैमसन ने शिखर धवन के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की।

भारत ने 71 गेंदों में बनाया सैकड़ा

भारतीय टीम ने 71 गेंदों में 100 रन जुटाए। भारत को 11.5 ओवर में जाकर सैकड़ा पूरा हुआ। टीम को इस दौरान तीन एक्स्ट्रा रन मिले। भारत ने खराब आगाज के बावजूद शुरुआती 50 रन 32 गेंदों में कंप्लीट कर लिए थे, लेकिन को अगले 50 रन जोड़ने के लिए थोड़ी ज्यादा गेंदें खेलनी पड़ीं। भारत ने बाद के 50 रन 39 गेंदों में जुटाए। 

अर्धशतक से चूके शिखर धवन

भारत का तीसरा विकेट सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के तौर पर गिरा। धवन ने टिककर बल्लेबाजी की मगर वह अर्धशतक से जूक गए। उन्होंने 46 रन की पारी खेली। धवन ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्हें डेब्यूटेंट चमिका करुणारत्ने ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। वह बड़ा शॉट मारने की फिराक में थे और डीप स्क्वेयर लेग पर आशेन बंडारा को कैच थमा बैठे। धवन का विकेट 113 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के संग 63 रन की पार्टनरशिप की।

सूर्यकुमार यादव ने फिफ्टी जड़ी

भारत को चौथा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार ने फिफ्टी जड़ी। उन्होंने 34 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करीयर का दूसरा अर्धशतक है। सूर्युमार 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर वनिन्दु हसरंगा का शिकार बने। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया और वह  अगली गेंद को भी बाउंड्री के बाहर भेजना चाहते थे, लेकिन लांग ऑफ पर कैच थमा बैठे। सूर्यकुमार 128 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

हार्दिक पांड्या ने बनाए 10 रन

सूर्यकुमार के आउट होने पर बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या से टीम को एक ताबड़तोड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह आशानुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए। पांड्या ने 12 गेंदों में केवल 10 रन बनाकर अपना विकेट खो दिया। उन्होंने कोई चौका या छक्का नहीं मारा। पांड्या को 19वें ओवर में दुष्मंथा चमीरा ने पवेलियन भेजा। वह यॉर्कर पर एक्स्ट्रा कवर की दिशा में शॉट जमाने के प्रयास में थे लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर भानुका के पास चली गई। उनका विकेट 153 के कुल स्कोर पर गिरा।

शॉ और चक्रवर्ती का टी20 डेब्यू 

भारत ने दो खिलाड़ियों- सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका दिया है। शॉ ने भारत के ले लिए 5 टेस्ट और 6 वनडे खेले हैं। वहीं, चक्रवर्ती का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच है। चक्रवर्ती ब्रेक, कैरम बॉल और लेग ब्रेक के लिए जाने  जाते हैं। वह आईपीएल में अपनी काबिलियत का लौहामनवा चुका है। श्रीलंका की तरफ से भी दो खिलाड़ी- चरित असलंका और चमिका करुणारत्ने को  डेब्यू को अवसर मिला है।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग

श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है। टॉस जीतने के बाद श्रीलंका के कप्तान शनाका ने कहा कि हमने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुझे लगता है कि विकेट गेम में बाद में बेहतर रहेगा। हम चोटों को नियंत्रित नहीं कर सकते। यह मोमेंटम को बदल सकता है। टी20 सीरीज के तीन मैच हमारे लिए काफी अहम हैं। वहीं, भारतीय कप्तान धवन ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे क्योंकि पिच में नमी है। हालांकि, लेकिन हम अच्छा स्कोर बनाने में सक्षम हैं।

श्रीलंका पर भारत का पलड़ा भारी

श्रीलंका के खिलाफ टी20 में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों ने अब तक 19 टी20 मैच खेले हैं और भारत ने 13 में जीत दर्ज की है। दूसरी तरफ, श्रलंका को महज 5 मुकाबलों में ही जीत नसीब हो सकी जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। भारतीय टीम का श्रीलंका के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जीत का प्रतिशत 72.2 है। श्रीलंका ने भारत के खिलाफ कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज नहीं जीती है। दोनों टीमों ने अभी तक चार टी20 सीरीज खेली हैं, जिनमें से भारत ने तीन पर कब्जा किया और एक सीरीज ड्रॉ पर छूटी।

5 साल बाद पहली बार ऐसा होगा

टीम इंडिया यह टी20 सीरीज अपने दो मुख्य खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना खेल रही है। आखिरी बार भारत विराट और रोहित के बगैर टी20 में साल 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। उस मैच में भारत की कप्तानी एमएस धोनी ने की थी, जिसमें टीम को तीन रन से जीत मिली थी। बता दें कि श्रीलंका के अलावा भारत की एक टीम इंग्लैंड दौरे पर है। भारत और इंग्लैंड 4 अगस्त 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में भिड़ेंगी। ऐसे में श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम की बागडोर धवन को सौंपी गई है। धवन पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदार संभाल रहे हैं।

भारत-श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन

भारत: शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, हार्दिक पंड्या, कुणाल पंड्या, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल और वरुण चक्रवर्ती। 

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), अविष्का फर्नांडो, मिनोड भानुका (विकेटकीपर), धनंजय डिसिल्वा, चरित असलंका, आशेन बंडारा, वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, अकिला धनंजय, दुष्मंथा चमीरा और इसुरु उदाना।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल