लाइव टीवी

भारतीय महिला क्रिकेटर की मां की जान कोविड-19 ने ले ली, बहन के लिए प्रार्थनाओं का दौर जारी

Updated Apr 25, 2021 | 16:20 IST

Veda Krishnamurthy's Mother Dies: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी वेदा कृष्‍णमूर्ति पर गमों का पहाड़ टूटा है। कोरोना के चलते कृष्‍णमूर्ति की मां का निधन हो गया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
वेदा कृष्‍णमूर्ति

कोरोना वायरस ने भारत में कहर बरपा रखा है। लगातार संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। आम लोगों से लेकर जानी-मानी हस्तियां और उनके परिवार भी वायरस की चपेट में आ रहे हैं। क्रिकेट जगत भी इससे अछूता नहीं है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी वेदा कृष्णामूर्ति की मां चेलुवम्बदा देवी का कोरोना वायरस से निधन हो गया है। उन्होंने शनिवार को दुनिया को अलविदा कहा। इस बात की जानकारी वेदा ने सोशल मीडिया के जरिए दी। साथ ही वेदा ने बताया कि उनकी बहन कोरना पॉजिटिव हैं और उनके लिए दुआ की अपील की।

'अम्मा के निधन के बाद जो मैसेज मिले...'

वेदा कृष्‍णमूर्ति ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'अम्मा के निधन के बाद जो मैसेज मुझे मिले है, मैं उनका सम्मान करती हूं। आप समझ सकते हैं कि उनके बिना मेरा परिवार के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। हम अब अपनी बहन के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। मेरा टेस्ट निगेटिव आया है और चाहती हूं कि आप हमारी निजता का सम्मान करें। मेरे संवेदनाएं और प्रार्थना उन सभी लोगों के लिए हैं, जो इस तरह की स्थिति का समाना कर रहे हैं।' बता दें कि वेदा के इस ट्वीट पर लोग लगातार रिएक्टर कर रहे हैं और मां की मौत पर शोक प्रकट कर रह हैं। वहीं,  बहन के लिए भी प्रार्थनाओं का दौर जारी है।

अब तक ऐसा रहा वेदा का करियर 

मध्यक्रम की बल्लेबाज वेदा कृष्‍णमूर्ति ने भारतीय टीम के लिए साल 2011 में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 48 वनडे और 76 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। वेदा ने वनडे में 25.90 की औसत से 829 रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे में 8 अर्धशतकीया पारियां खेली हैं। इसके अलावा उन्होंने इस फॉर्मेट में तीन विकेट भी झटके हैं। वहीं, वेदा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 18.61 की औसत से 875 रन जुटाए हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 2 अर्धशतक जमाए हैं। वेदा घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक की ओर से खेलती हैं। उनका जन्म 16 अक्टूबर, 1992 को कर्नाटक के चिकमंगलूर जिले के गांव कदुर में हुआ था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल