लाइव टीवी

IPL 2022, RR vs MI Highlights: नौवें मैच में जाकर खुला मुंबई की जीत का खाता, राजस्थान को 5 विकेट से चटाई धूल

Updated May 01, 2022 | 00:35 IST

IPL 2022, Rajasthan Royals vs Mumbai Indians Highlights: मुंबई इंडियंस (एमआई) को आईपीएल 2022 में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत दर्ज की। लगातार हार से जूझ रही मुंबई को कप्तान रोहित शर्मा के जन्मदिन पर जीत नसीब हुई।

Loading ...
राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस
मुख्य बातें
  • इंडियन प्रीमियर लीग 2022 का 44वां मैच
  • राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस
  • मुंबई इंडियंस को मिली पहली जीत

आईपीएल 2022 में लगातार आठ हार के बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस (एमआई) की जीत का खाता खुल गया है। मुंबई ने अपने नौवें मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 5 विकेट से धूल चटाई। राजस्थान ने 159 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे मुंबई ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एमआई के लिए सर्वाधिक रन सूर्यकुमार यादव (51) ने बनाए। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 35 और इशान किशन ने 26 रन का योगदान दिया। वहीं, टिम डेविड 9 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबदा रहे। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया। डेनियल सैम्स (नाबाद 6) ने छक्का जड़कर मुंबई की जीत की नैया पार लगाई।

नहीं चला 'हिटमैन' रोहित का बल्ला

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने कुछ खास शुरुआत नहीं की और 23 के कुल स्कोर पर पहला विकेट खो दिया। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा का अपने बर्थडे पर बल्ला नहीं चला और वह 5 गेंदों में केवल 2 रन ही बना सके। उन्हें दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन भेजा। रोहित ने ऑफ ब्रेक पर स्वीप करने के प्रयास किया लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लगने के बाद  स्क्वेयर लेग पर खड़ी हो गई। ऐसे में डेरिल मिचेल ने आसान से कैच लपक लिया।

ज्यादा देर नहीं टिक सके इशान

मुंबई को दूसरा झटका ओपनर इशान किशन के तौर पर लगा। आउट फॉर्म चल रहे इशान ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए पर वह लंबे समय तक नहीं टिक सके। उन्होंने 18 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 24 रन की पारी खेली। इशान को धाकड़ तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने छठे ओवर की चौथी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह गुड लेंथ को उठाकर मारने चाहते थे पर विकेट के पीछ संजू सैमसन को कैच थमा बैठे। उनका विकेट 41 के कुल स्कोर पर गिरा।

सूर्यकुमार ने जड़ी 16वीं फिफ्टी

एमआई का तीसरा विकेट सूर्यकुमार यादव के रूप में गिरा। उन्होंने टिककर बल्लेबाजी करते हुए 16वीं आईपीएल फिफ्टी जमाई। सूर्यकुमार 39 गेंदों में 51 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 5 चौके और 2 छक्के  लगाए। उन्हें युजवेंद्र चहल ने लॉन्ग ऑन पर रियाग पराग के हाथों लपकवाया। सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा के साथ 81 रन की साझेदारी की।

तिलक वर्मा ने टिककर रन बनाए

सूर्यकुमार के आउट होने के बाद तिलक भी अधिक देर तक नहीं टिके। उनकी पारी का अंत 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने किया। तिलक ने भी पराग को ही कैच थमाया। उन्होंने 30 गेंदों में 1 चौके और 2 सिक्स की बदौसत 35 रन की पारी खेली। उनका विकेट 122 के कुल स्कोर पर गिरा। मुंबई को पांचवां और आखिरी झटका कीरोन पोलार्ड (14 गेंदों में10) के तौर पर लगा, जो 20वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। उन्हें कुलदीप सेन ने मिचेल के हाथों कैच कराया।

ऐसा रहा राजस्थान की पारी का हाल

सस्ते में पवेलियन लौटे पडिक्कल

आरआर ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। राजस्थान को पहला झटका देवदत्त पडिक्कल के तौर पर लगा। सलामी बल्लेबाज पडिक्कल लय में नजर नहीं आए और सस्ते में पवेलियन लौट गए। उन्होंने 15 गेंदों में 3 चौकों के जरिए 15 रन बनाए। उन्हें ऋतिक शौकीन ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। शौकीन ने फ्लाइटेड गेंद पर ललचाया, जिसके बाद पडिक्कल ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से बड़ा शॉट जमाने के प्रयास किया। लेकिन गेंद बल्ले के बाहरी हिस्से पर लगकर लॉन्ग ऑफ की दिशा में चली गई और कीरोन पोलार्ड ने कैच लपक लिया। उनका विकेट 26 के कुल स्कोर पर गिरा।

बड़ी पारी नहीं खेल सके सैमसन

पडिक्कल के जाने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे कप्तान संजू सैमसन बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 7 गेंदों में 2 सिक्स के दम पर 16 रन बनाए। उन्हें आईपीएल डेब्यू मैच खेलने वाले स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने अपना शिकार बनाया। सैमसन आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर डीप प्वाइंट के ऊपर से सिक्स जमाने की फिराक में थे लेकिन टिम डेविड को कैच थमा बैठे। वह 54 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

फिर रंग में नजर नहीं आए मिचेल

राजस्थान को तीसरा झटका कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल के तौर पर लगा। मिचल एक बार फिर रंग में नजर नहीं आए और धीमी गति से बल्लेबाजी की। उन्होंने 20 गेंदों में 17 रन की पारी खेली। मिचेल को डेनियल सैम्स ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। वह शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद को लांग ऑफ की बाउंड्री के पार मारने के चक्कर में थे और कवर की पर रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। मिचले ने तीसरे विकेट के लिए बटलर के साथ 37 रन की पार्टनरशिप की। उनका विकेट 91 के कुल स्कोर पर गिरा। 

बटलर ने खेली अर्धशतकीय पारी

मुंबई को चौथी सफलती ओपनर जोस बलटर के रूप में मिली। बटलर ने 52 गेंदों का सामना करने के बाद 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 67 रन की पारी खेली। वह 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर ऋतिक शौकीन का शिकार बने। बटलर ने इस ओवर में बेहद आक्रामक रुख अपनाया और शुरुआती चार गेंदों पर चार छक्के ठोक दिए। शौकीन ने पांचवीं गेंद सूझबूझ से ऑफ स्टंप के बाहर फंकी, जिसपर कोई रन नहीं आया। वहीं, बटलक ने छठी गेंद को लॉन्ग ऑफ की दिशा में उठाकर मारा और सूर्यकुमार यादव के हाथों लपके गए। उनका विकेट 126 के कुल स्कोर पर गिरा।

मेरेडिथ ने 20वें शानदार बॉलिंग की

रियान पराग (3 गेंदों में 3) को 18वें ओवर की पहली गेंद पर राइली मेरेडिथ ने आउट किया। उन्होंने पुल किया और डीप मिडविकेट पर सैम्स को कैच थमा दिया। उनके जाने के बाद रविचंद्रन अश्विन ने 9 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के के जरिए 21 रन की पारी खेली। अश्विन को  मेरेडिथ ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर विकेटकीपर इशान के हाथों लपकवाया। मेरेडिथ ने अंतिम ओवर में शानदार बॉलिंग करते हुए सिर्फ तीन रन खर्च किए, जिसमें एक वाइड भी शामिल है। शिमरोन हेटमायर 14 गेंदों में 6 और ट्रेंट बोल्ट 1 गेंद में 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

टॉस के बाद क्या बोले रोहित-सैमसन?

टॉस जीतने के बाद मुंबई के कप्तान रोहित ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हमने टूर्नामेंट के दौरान अभी तक जो देखा है, उसके हिसाब से हमें सूट करता है। हमने कुछ बदलाव किए हैं। डेवाल्ड ब्रेविस और जयदेव उनादकट की जगह टिम डेविड और कुमार कार्तिकेय को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। उम्मीद है कि टूर्नामेंट के बीच में कुछ मजा आए, जो हम मिस कर रहे हैं। वहीं, टॉस गंवाने के बाद राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने कहा कि हम टारगेट सेट करने को लेकर खुश हैं। हम यह 7-8 बार पहले भी कर चुके हैं। हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, आत्मसंतुष्ट होना आसान है, लेकिन हम इस मैच को अहम मान रहे हैं। हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।

Rajasthan Royals vs Mumbai Indians Playing 11

राजस्‍थान रॉयल्‍स की प्‍लेइंग 11: संजू सैमसन (कप्‍तान), जोस बटलर, देवदत्त पडिक्‍कल, अ, शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्‍णा, युजवेंद्र चहल और कुलदीप सेन।

मुंबई इंडियंस की प्‍लेइंग 11: रोहित शर्मा (कप्‍तान), इशान किशन, टिम डेविड, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सेम्‍स, ऋतिक शौकीन, जसप्रीत बुमराह और राइली मेरेडिथ और कुमार कार्तिकेय।

पहले भी हुई राजस्थन-मुंबई की भिड़ंत

राजस्थान और मुंबई मौजूदा सीजन में दूसरी बार टकराएंगी। दोनों टीमों का जब 2 अप्रैल को मुकाबला हुआ था, तब आरआर ने एमआई को 23 रन से धूल चाटई। ऐसे में मुंबई आज इस हार का बदला लेने और टूर्नामेंट में जीत का खाता खोलने की फिराक में होगी। बता दें कि एमआई को अभी तक सभी आठ मैचों में शिकस्त झेलनी पड़ी है और अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। वहीं, राजस्थान जीत के रथ पर सवार है। उसके 8 मैचों में 6 जीत और 2 हार के बाद फिलहाल 12 अंक है। आरआर तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है।

राजस्थान-मुंबई में बराबरी की टक्कर

राजस्थान और मुंबई ने आईपीएल में एक-दूसरे के खिलाफ कुल 27 मुकाबले खेले हैं, जिसमें बराबरी की टक्कर रही है। आरआर ने 13 तो मुंबई ने 14 मैचों में विजयी परचम फहराया। वहीं, दोनों के बीच पिछले मैचों की बात करें तो मुंबई ने तीन और राजस्थान ने एक जीत दर्ज की। मुंबई ने आईपीएल 2021 में राजस्थान के विरुद्ध दो मैचों में सफलता हासिल की थी। संजू सैमसन (560) दोनों टीमों के दरम्यान मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। जोस बटलर (400) ने भी मुंबई के सामने अपना दमखम दिखाया है। एमआई की ओर से राजस्थान के खिलाफ रोहित शर्मा (403) ने सर्वाधिक रन बनाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल