लाइव टीवी

मध्यप्रदेश के एक और खिलाड़ी ने छोड़ी आईपीएल में छाप, गुजरात के खिलाफ जड़ा आतिशी पचासा

Updated Apr 30, 2022 | 18:12 IST

Who is Rajat Patidar: जानिए कौन हैं गुजरात टाइटन्स के खिलाफ बल्ले से धमाल मचाने वाले मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार। कैसा है उनका घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड? 

Loading ...
रजत पाटीदार( साभार IPL)
मुख्य बातें
  • रजत पाटीदार ने शनिवार को गुजरात के खिलाफ खेली 32 गेंद में 52 रन की आतिशी पारी
  • जड़ा आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक, विराट के साथ की 99 रन का साझेदारी
  • आईपीएल 2022 की नीलामी में नहीं मिला था खरीदार, चोटिल खिलाड़ी की जगह मिला बीच सीजन मौका

मुंबई: इन दिनों मध्य प्रदेश के खिलाड़ी आईपीएल में धमाल मचा रहे हैं। वेंकटेश अय्यर, आवेश खान जैसे खिलाड़ियों की सूची में शनिवार को एमपी के एक और खिलाड़ी का नाम जुड़ गया। वो खिलाड़ी है दाहिने हाथ के बल्लेबाज रजत पाटीदार।

नीलामी में नहीं मिला था खरीदार
रजत पाटीदार को आईपीएल 2022 के लिए हुई नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। साल 2021 में आरसीबी के लिए खेल चुके 20 लाख के बेस प्राइज वाले पाटीदार को आरसीबी ने चोटिल लवनिथ सिसोदिया की जगह टीम में शामिल किया। ऐसे में उन्हें 26 अप्रैल को पहली बार पंद्रहवें सीजन में खेलने का मौका मिला लेकिन वो कमाल नहीं कर सके। लेकिन शनिवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ रजत पाटीदार ने धमाकेदार अर्धशतक जड़कर अपनी काबीलियत साबित कर दी। 

ये भी पढ़ें: आरसीबी की टीम में हुआ बदलाव, चोटिल लवनीत सिसोदिया की जगह शामिल हुआ मध्यप्रदेश का खिलाड़ी

29 गेंद में जड़ा अर्धशतक
28 वर्षीय रजत शनिवार को गुजरात के खिलाफ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। दूसरे छोर पर उनका साथ देने के लिए फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली थे। ऐसे में पाटीदार ने मोर्चा संभालते हुए खुलकर बल्लेबाजी की और 29 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। वो अपनी पारी को बड़ी नहीं सके। उन्हें प्रदीप सांगवान ने शुभमन गिल के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। पाटीदार ने 32 गेंद में 52 रन बनाए। यह आईपीएल में पाटीदार का पहला अर्धशतक था।  

विराट के साथ की 99 रन की साझेदारी
रजत पाटीदार ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी 74 गेंद में की। साझेदारी के दौरान पाटीदार डॉमिनेंट पार्टनर रहे और 32 गेंद में 52 रन बनाए। वहीं कोहली ने इस दौरान 42 गेंद में 45 रन बनाए। पाटीदार को पिछले सीजन आरसीबी के लिए विराट की कप्तानी में खेलने का मौका मिला था। 4 मैच की चार पारियों में पाटीदार 17.75 की औसत से 71 रन बना सके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 31 रन रहा था।

घरेलू क्रिकेट में शनदार रहा है प्रदर्शन
रजत पाटीदार का घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन रहा है। 1 जून 1993 को इंदौर में जन्मे रजत ने साल 2015 में मध्य प्रदेश के लिए डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार ने 39 फर्स्ट क्लास मैचों में 40.43 की औसत से 2,588 रन बनाए हैं। जिसमें 7 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। नहीं लिस्ट ए क्रिकेट में उनके बल्ले से 43 मैच में 34.07 के औसत और 94.32 के स्ट्राइकरेट से 1397 रन निकले हैं। 

टी20 में शानदार है रिकॉर्ड 
घरेलू टी20 में रजत पाटीदार का प्रदर्शन शानदार रहा है। अबतक खेले 32 टी20 मैच में वो 30.24 के औसत और 137.67 के स्ट्राइक रेट से 877 रन बना चुके हैं। जिसमें 7 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 में उनका सर्वाधिक स्कोर 96 रन रहा है।  

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।