लाइव टीवी

Happy Bday MS Dhoni: आज है माही का 41वां जन्मदिन, जानिए 10 खास बातें 

Updated Jul 07, 2022 | 06:00 IST

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। 7 जुलाई 1981 को रांची में उनका जन्म हुआ था। उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को क्रिकेट के तीनो फॉर्मेट में नंबर वन बनाया। आईए जानते है उनसे जुड़ी 10 खास बातें 

Loading ...
एमएस धोनी( साभार BCCI)
मुख्य बातें
  • आज महेंद्र सिंह धोनी अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं 
  • 15 अगस्त 2020 को उन्होंने अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था
  • धोनी अगले साल IPL में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे 

रांची: महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने कई रिकॉर्ड तोड़े। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे विश्वकप 2011 अपने नाम किया। माही की कप्तानी में ही साल 2013 में खेले गए चैंपियन्स ट्रॉफी में भारत विजेता बना। आज 'कैप्टन कूल' का जन्मदिन हैं। आईए उनसे जुड़ी 10 खास बातें जानते हैं 

 1. माही को क्रिकेट नहीं, फुटबॉल और बैडमिंटन पसंद था 
धोनी रांची के डीएवी श्यामली स्कूल में पढ़ा करते थे। स्कूली दिनों में वो बैडमिंटन और फुटबॉल खेलते थे। इन स्पोर्ट्स में माही डिस्ट्रिक्ट और क्लब लेवल तक खेल चुके हैं। धोनी फुटबॉल टीम के गोलकीपर हुआ करते थे। एक बार माही के स्कूल की क्रिकेट टीम का विकेटकीपर नहीं आया था, तो उनको विकेटकीपिंग करने को कहा गया। इसके बाद ही माही के कोच ने उनको क्रिकेट खेलने की सलाह दी थी। 10वीं कक्षा के बाद धोनी ने क्रिकेट की तरफ अपना ध्यान लगाना शुरू किया।
 
 2. धोनी ने 2 साल टिकट कलेक्टर की नौकरी की 
महेंद्र सिंह धोनी बिहार के रणजी टीम की तरफ से खेलने लगे थे। इसी दौरान साल 2001 में धोनी को भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर की नौकरी मिल गई। अपने परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए उन्होंने 2 साल तक ये नौकरी की। साल 2003 में उन्होंने नौकरी छोड़कर वापस क्रिकेट की ओर अपना रुख कर लिया।

 3. सचिन की सलाह पर धोनी बने कप्तान 
साल 2007 में धोनी की कप्तानी में ही भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा किया। इसी साल टीम में कई सीनियर खिलाड़ियों को छोड़कर धोनी को टीम की कमान सौंपी गई थी। माही ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उनको कप्तान बनाने का फैसला लिया गया, तो वो उस मीटिंग में मौजूद ही नहीं थे। सचिन तेंदुलकर ने धोनी को कप्तान बनाने की सलाह दी थी। 

 4. धोनी का बॉलीवुड लव और लंबे बाल 
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर के शुरूआती दिनों में लंबे बाल रखे थे। कैप्टन कूल ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि बॉलीवुड स्टार जॉन अब्राहम उनको काफी पसंद थे। इसलिए उन्होंने जॉन अब्राहम की तरह लंबे बाल रखे थे। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भी धोनी के लंबे बालों की तारीफ की थी। 

 5. माही ने इंडिया को टेस्ट में बेस्ट बनाया 
धोनी ने सफेद जर्सी में भी कई रिकॉर्ड तोड़े। उनमें से एक रिकॉर्ड है साल 2009 में भारत को टेस्ट की नंबर वन टीम बनाने का। श्रीलंका को हराकर नवंबर 2009 में धोनी की टीम टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर पहुंची थी। इसके बाद अगले 21 महीनों तक यानी अगस्त 2011 तक इंडियन टीम टेस्ट में नंबर वन की सीट पर काबिज रही। 

 6. यॉर्कर गेंद को 'हेलीकॉप्टर' बनाने वाला कलाकार 
धोनी ने मैदान पर कई गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए। फील्ड पर माही का हेलीकॉप्टर शॉट सबसे ज्यादा चर्चित रहा। धोनी ने कई बार इसी शॉट के जरिए यॉर्कर गेंदों को लंबे छक्कों में बदला। उन्होंने ये शॉट अपने रांची के दोस्त संतोष लाल से सीखा था। इसके बाद से ये उनका ट्रेड मार्क शॉट बन गया। हालांकि मौजूदा समय में बहुत सारे बल्लेबाज हेलीकॉप्टर शॉट खेलते हुए दिखते हैं। 

 7. माही आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल भी हैं 
भारतीय सेना ने महेंद्र सिंह धोनी को लेफ्टिनेंट कर्नल का सम्मान दिया है। कपिल देव के बाद ये सम्मान पाने वाले माही दूसरे क्रिकेटर हैं। साल 2011 में उनको ये उपाधि दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने कई बार आर्मी ट्रेनिंग में हिस्सा भी लिया। 

 8. तीन ICC ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान 
धोनी को सबसे सफल कप्तान कहने के पीछे ये सबसे बड़ी वजह है। वो दुनिया के इकलौते कप्तान है जिनके नेतृत्व में टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफी जीती। इसमें साल 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे विश्वकप और साल 2013 की चैंपियन्स ट्रॉफी शामिल है। 

 9. विकेट के पीछे का 'जादूगर' 
विकेट के पीछे धोनी की फुर्ती कमाल की है। उनके नाम पर अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 538 अंतराष्ट्रीय मुकाबलों में 195 स्टंपिंग्स किए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर कुमार संगकारा का नाम है। सगंकारा ने इंटरनेशनल मैचों में कुल 139 स्टंपिंग की है। 

 10. 'कैप्टन कूल' की रिटायरमेंट स्टोरी 
क्रिकेट के फील्ड पर कमाल करने वाले धोनी को मैदान पर विदाई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने सबसे पहले साल 2014 में अचानक से टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया। इस फैसले ने सबको चौंका दिया था। वहीं दूसरी तरफ 15 अगस्त 2020 को उन्होंने टी20 और वनडे इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा की। इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालकर कैप्टन कूल ने अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी थी। माही के इस फैसले से फैन्स काफी हैरान हो गए थे ।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल