लाइव टीवी

महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के ऐलान पर पाकिस्तानी क्रिकेटर्स ने दिए ऐसे रिएक्शन

Updated Aug 16, 2020 | 03:52 IST

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मैदान पर पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को गहरे जख्म देने वाले एमएस धोनी के संन्यास के ऐलान के बाद सरहद पार पाकिस्तान से भी संदेश मिले हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
एमएस धोनी
मुख्य बातें
  • धोनी के संन्यास के ऐलान पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है
  • धोनी ने पाकिस्तान को अपनी कप्तानी में दिए हैं गहर जख्म
  • पाकिस्तान के खिलाफ धोनी ने हमेशा किया शानदार प्रदर्शन

नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की खबर सारी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों के बीच आग की तरह फैल गई। कैप्टन कूल के प्रशंसक भारत के अलावा पूरी दुनिया में फैले हैं। उनके प्रशंसक पाकिस्तान में भी हैं। कई बार पाकिस्तानी प्रशंसक मैच देखते हुए धोनी की जर्सी पहने नजर आए हैं। वहीं मैदान पर धोनी ने धमाकेदार क्रिकेट खेलते हुए पाकिस्तानी टीम और प्रशंसकों को गहरे जख्म भी दिए हैं। ऐसे में सरहद पार से भी धोनी को पाकिस्तान के पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों ने उनके संन्यास की खबर सुनने के बाद उन्हें भविष्य के लिए मुबारकबाद दी है और क्रिकेट के लिए किए उनके योगदान को याद किया है।  

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने धोनी के संन्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है! महान कप्तान, शानदार रिकॉर्ड, बेहतरीन एंटरनेटर और, डीआरएस पर फैसला करने में पूरी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ। लेकिन इन सबके अलावा एमएस को भारतीय क्रिकेट के यादगार लम्हों में अहम भूमिका के लिए याद किया जाएगा। 

वहीं धोनी के खिलाफ मैदान पर उतर चुके पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, 'भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक और महानतम कप्तान एमएस धोनी को शानदार करियर और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।' 

अपनी बेखौफ टिप्पणियों के लिए मशहूर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने ट्वीट कर कहा, महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन उनके बगैर क्रिकेट की कहानी कभी पूरी नहीं होगी। महान खिलाड़ी!

साल 2007 के टी20 विश्व कप फाइनल में खेलने वाले पाकिस्तान के बांए हाथ के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने धोनी के संन्यास पर ट्वीट कर कहा, महान कप्तानों में से एक और मैदान पर सबसे कूल कप्तान जो भारत के लिए खेलते हुए कभी भी, किसी भी स्थिति में हार नहीं मानता था। उनके खिलाफ खेलने में हमेशा मजा आया। बहुत खूब धोनी भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'

कामरान अकमल ने धोनी के संन्यास पर ट्वीट किया, कई लोगों के लिए आप हमेशा प्रेरणा स्रोत रहे और भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी। भारतीय टीम ने आपकी कप्तानी में कई बड़े खिताब जीते। मुझे आपके साथ खेलने में मजा आया। क्रिकेट के सज्जन और विनम्र खिलाड़ियों में से एक। एमएस धोनी भाई आपको शुभकामनाएं।  

कई अन्य खिलाड़ियों ने भी अपने अपने तरीके से धोनी को रिटायरमेंट पर शुभकामनाएं दीं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल