लाइव टीवी

भारतीय टेस्ट टीम में खेलने को तैयार है ये धाकड़ बल्लेबाज, एक साल से बल्ला उगल रहा है आग

Updated Sep 18, 2022 | 07:00 IST

मध्यप्रदेश को पहली बार रणजी टॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले बल्लेबाज रजत पाटीदार अपने कंसिस्टेंट प्रदर्शन के बल पर भारतीय टेस्ट टीम में एंट्री के लिए तैयार हैं। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रजत पाटीदार
मुख्य बातें
  • साल 2022 में रजत पाटीदार ने बल्ले से मचाया है धमाल
  • प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 13 पारियों में जड़े हैं 100 से ज्यादा के औसत से 977 रन
  • न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज में हैं अबतक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

बेंगलुरू: भारत और न्यूजीलैंड की ए टीमों के बीच खेले जा रहे तीसरे अनाधिकारक टेस्ट मैच के तीसरे दिन मध्यप्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने शानदार पारी खेली। पाटीदार ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए 135 गेंद में नाबाद 109 रन की पारी खेली और इस दौरान 13 चौके और 2 छक्के जड़े। पहली पारी में रजत ने 30 रन की पारी खेली थी। 

न्यूजीलैंड के खिलाफ कर रहे हैं शानदार प्रदर्शन
यह न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ मौजूद सीरीज में पाटीदार का दूसरा शतक है। अबतक वो सीरीज में खेले 3 मैच की 4 पारियों में वो 1 बार नाबाद रहते हुए 106.33 के औसत और 69.34 के स्ट्राइक रेट के साथ 319 रन बना चुके हैं। जिसमें दो शतक शामिल हैं। पहले आनाधिकारिक टेस्ट में पाटीदार ने 176 रन की पारी खेली थी। वही सीरीज में उनका सर्वाधिक स्कोर भी रहा है। वो सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। 

आईपीएल 2022 से मिला नाम     
रजत पाटीदार का नाम आईपीएल 2022 में आरसीबी के लिए खेलते हुए जड़े धमाकेदार शतक की वजह से सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया। लेकिन इससे पहले और बाद में उनके प्रदर्शन पर लोगों की नजर नहीं गई। पहले तो आईपीएल नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था लेकिन मिड सीजन में उसके लिए आरसीबी के दरवाजे खुल गए और हाथ आए इस मौके को उन्होंने खाली नहीं जाने दिया। 

पाटीदार को आईपीएल 2022 में 8 मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने इस दौरान 55.50 के औसत और 152.75 के स्ट्राइक रेट से 333 रन जड़ दिए। उनके बल्लेबाज से इस दौरान एक शतक और दो अर्धशतक निकले। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 112* रन रहा और ये पारी उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेली। 

साल 2022 में 100 की औसत से बना रहे हैं रन 
साल 2022 रजत पाटीदार के लिए अबतक बेहद शानदार रहा है। इस साल प्रथम श्रेणी क्रिकेट में खेली 13 पारियों में वो 88.82 के औसत से 977 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 5 अर्धशतक जड़े हैं। मध्य प्रदेश को पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाने में भी पाटीदार की अहम भूमिका रहा है। वो मध्यक्रम में टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे थे। 

रणजी चैंपियन मध्य प्रदेश की बैटिंग की हैं रीढ़ 
बेंगलुरू में ही खेले गए रणजी ट्रॉफी फाइनल में रजत पाटीदार ने 122 रन की पारी खेली थी। रणजी ट्रॉफी 2022 में खेले 6 मैच की 9 पारियों में उन्होंने 1 बार नाबाद रहते हुए 82.25 के औसत और 53.15 के स्ट्राइक रेट के साथ 658 रन बनाए थे। जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल थे। 142 उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। वो सीजन में मुंबई के सरफराज खान(982) के बाद टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर थे।  

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कर सकते हैं टेस्ट डेब्यू
जिस तरह के फॉर्म में इन दिनों रजत पाटीदार हैं उसे देखकर यह कहना मुश्किल नहीं है कि वो जल्दी ही टीम इंडिया के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलते नजर आ सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में उन्हें डेब्यू का मौका मिल सकता है। टीम इंडिया को मध्यक्रम में उनके जैसे अनुभवी बल्लेबाज की जरूरत है जो रहाणे और पुजारा की जगह ले सकता है। घरेलू क्रिकेट में खेलने का पाटीदार को लंबा अनुभव है और वो इस साल अपने खेल के सर्वश्रेष्ठ दौर से गुजर रहे हैं। आईपीएल के प्रदर्शन ने उनके आत्मविश्वास में इजाफा किया और इसकी झलक उनके खेल, बॉडी लैंग्वेज और प्रदर्शन में निरंतरता के रूप में साफ तौर पर नजर आ रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल