लाइव टीवी

Birthday: चपाती शॉट का नहीं था तोड़, 1 ओवर में 6 छक्के जड़ने वाला पहला भारतीय, 19 में डेब्यू और 31 में रिटायर

Updated May 27, 2021 | 06:25 IST

Happy Birthday Ravi Shastri: पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री का आज जन्मदिन है। वह एक ओवर में छह छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
बल्लेबाजी करते रवि शास्त्री

पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री आज यानी बुधवार को अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 27 मई, 1962 को मुंबई में हुआ था। वह अपने दौर के धाकड़ खिलाड़ियों में शुमार रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 10वें नंबर के बल्लेबाज के रूप में किया था, लेकिन जल्द ही वह अपना लौहा मनवाने में कामयाब रहे और ओपनर बन गए। उन्होंने अपने दम पर भारत के लिए कई अहम पारियां खेलीं और टीम को जीत दिलाई। वह संन्यास के बाद कमेंटेटर और टीम मैनेजर बने। फिलहाल शास्त्री टीम इंडिया के हेड कोच की जिम्मेदारी को बूखबी निभा रहे हैं।

1 ओवर में 6 छक्के जड़ने वाला पहला भारतीय

हरफनमौला क्रिकेटर रहे रवि शास्त्री ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर थे। वह किसी भी परिस्थित में गेंद को बाउंड्री के पार भेजने का माद्दा रखते थे। दाएं हाथ से बैटिंग करने वाले शास्त्री के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज है। वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में एक ओवर में 6 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय और विश्व के दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के 1985 सीजन में मुंबई की तरफ से खेलते हुए बड़ौदा के खिलाफ यह छक्के मारे थे। बता दें कि विश्व में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में एक ओवर 6 छक्के लगाने का कारनामा अंदाज देने वाले पहले खिलाड़ी वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स थे।

रवि शास्त्री के चपाती शॉट का नहीं था तोड़

रवि शास्त्री अपने शुरुआती दिनों में बतौर लेफ्ट स्पिनर खेलते थे, लेकिन जब उन्हें बल्लेबाजी मौके मिले तो उन्होंने खुद को साबित कर दिखाया। उन्होंने चपाती शॉट मारना शुरू किया, जिसका कोई तोड़ नहीं था। 1983 में विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे शास्त्री अपने ट्रेडमार्क 'चपाती शॉट' के लिए बेहद प्रसिद्ध थे। इस शॉट को लोकप्रिय रूप से पैड शॉट के रूप में भी जाना जाता है। दरअसल, शास्त्री ने पैड पर आई गेंद को फ्लिक करना शुरू किया था, जो चपाती शॉट के नाम से मशहूर हो गया। वह अपने प्रदर्शन की वजह से मैदान अंदर और बाहर लगातार चर्चा में रहते थे।

31 की उम्र में क्रिकेट को कह दिया अलविदा

शास्त्री ने सिर्फ साल 19 साल की उम्र में फरवरी 1981 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। यह टेस्ट मैच था, जो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला। इसके बाद उन्होंने नवंबर 1981 में इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे डेब्यू किया। हालांकि, उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं चल सका। वह घुटने की चोट के कारण महज 30 की उम्र में रिटायर हो गए थे।  शास्त्री ने भारत के लिए 80 टेस्ट और 150 वनडे मैच खेले, जिसमें उन्होंने क्रमश 35.79 की औसत से 3830 और 29.05 की औसत से 3108 रन बनाए। उन्होंने कुल 15 शतक और 30 अर्धसतक जमाए। वहीं, शास्त्री ने टेस्ट में 159 और वनडे में 129 विकेट चटकाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल