लाइव टीवी

ऋषभ पंत ने छुड़ाए श्रीलंकाई गेंदबाजों के छक्के, लेकिन शतक से चूके 

Updated Mar 04, 2022 | 18:19 IST

ऋषभ पंत ने शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में धमाकेदार अर्धशकीय पारी खेलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया लेकिन वो एक बार फिर शतक जड़ने से चूक गए।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
मोहाली में शतक से चूकने के बाद पवेलियन वापस लौटते ऋषभ पंत
मुख्य बातें
  • ऋषभ पंत पांचवां टेस्ट शतक पूरा करने से 4 रन चूके, मोहाली में खेली 97 गेंद में 96 रन की पारी
  • पंत ने 73 गेंद में पूरा किया अर्धशतक, इसके बाद अगली 24 गेंद में 46 रन जड़कर हुए आउट
  • भारतीय सरजमीं पर तीसरी बार नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए हैं पंत

मोहाली: भारतीय क्रिकेट टीम के आतिशी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शुक्रवार को श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए टेस्ट करियर का पांचवां शतक जड़ने से 4 रन के अंतर चूक गए। पंत ने 97 गेंद में 96 रन की पारी खेली और इस दौरान 9 चौके और 4 छक्के जड़े। 

विराट के आउट होने के बाद पंत उतरे थे मैदान पर 
100वां टेस्ट खेल रहे विराट कोहली के 45 रन बनाकर आउट होने के बाद पंत बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे थे। उस वक्त टीम का स्कोर 3 विकेट पर 170 रन था। इसके कुछ देर बाद अर्धशतक जड़ चुके हनुमा विहारी भी 58 रन की पारी खेलने के बाद आउट हो गए और टीम का स्कोर 4 विकेट पर 175 रन हो गया।  ऐसे में पंत ने पहले श्रेयस अय्यर के साथ संभलकर बल्लेबाजी की और टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 228 के स्कोर पर अय्यर और पंत के बीच 88 गेंद में हुई 53 रन की साझेदारी खत्म हुई। 

73 गेंद में पूरा किया अर्धशतक, फिर लगाई चौकों छक्कों की झड़ी
अय्यर के आउट होने के बाद पंत ने रवींद्र जडेजा के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने नई गेंद लेने से पहले तक श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। पंत ने 74वें ओवर की तीसरी गेंद पर 73 गेंद में अपना आठवां अर्धशतक 4 चौके और 1 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने गियर बदला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए 24 गेंद में 46 रन जड़कर आउट हो गए। पचासा जड़ने के बाद पंत ने 4 चौके और तीन छक्के जड़े। 97 गेंद में 96 रन की पारी खेलने के बाद पंत सुरंगा लकमल की गेंद पर बोल्ड हो गए।

जडेजा के साथ की शतकीय साझेदारी
पंत और जडेजा दोनों ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए छठे विकेट के लिए 118 गेंद में 104 रन की साझेदारी की। इस पार्टनरशिप में जडेजा ने 35 (67) और पंत ने 68 (51) रन का योगदान किया। दोनों ने 108 गेंद में शतकीय साझेदारी पूरी की लेकिन इसके दस गेंद बाद लकमल ने पंत की आतिशी पारी का अंत कर दिया। 

पांचवीं बार हुए नर्वस नाइंटीज का शिकार
पंत अपने 4 साल लंबे टेस्ट करियर में पांचवीं बार नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए हैं। साल 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट और हैदराबाद में पत लगातार दो पारियों में 92-92 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद 2021 में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 97 और चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ 91 रन की पारी खेलने के बाद पंत पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में शुक्रवार को 96 रन पर आउट होते ही पांचवीं बार वो नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल