लाइव टीवी

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में हिटमैन रोहित शर्मा के निशाने पर होंगे ये दो रिकॉर्ड 

Updated Nov 21, 2021 | 06:10 IST

150 sixes in T20Is: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को कोलकाता के इडेन गार्डन्स में खेले जाने वाले टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में दो रिकॉर्ड्स उनका बेसब्री से कर रहे हैं। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
रोहित शर्मा
मुख्य बातें
  • अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 छक्कों के आंकड़े से केवल 3 कदम दूर हैं रोहित शर्मा
  • रविवार को बन सकते हैं न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान
  • इडेन गार्डन्स है रोहित शर्मा के लिए हमेशा से लकी मैदान

कोलकाता: टीम इंडिया की टी20 टीम की कमान संभालने वाले हिटमैन रोहित शर्मा बल्ले से भी धमाल मचा रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ शर्मनाक प्रदर्शन के बाद रोहित ने शानदार वापसी करते हुए पिछले 5 टी20 मैच में 3 अर्धशतक जड़े हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के शुरुआती दो मैचों में रोहित ने 48 और 55 रन की शानदार पारियां खेली हैं। उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत ही भारतीय टीम लगातार दो मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने में सफल रही है। प्रशंसकों को कोलकाता के इडेन गार्डन्स में भी रोहित के बल्ले से एक बड़ी पारी का इंतजार है। जिससे कि वो पूर्णकालिक कप्तान के रूप में 3-0 के अंतर से पहली सीरीज अपने नाम कर सके। 

कोलकाता का इडेन गार्डन्स मैदान रोहित के लिए लकी रहा है। ऐसे में उस लकी मैदान पर दो रिकॉर्ड रोहित का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगर रविवार को उनका बल्ला चल निकला तो वो इन दोनों रिकॉर्ड्स को अपने नाम कर लेंगे। 

अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 छक्कों से तीन कदम दूर 
रोहित शर्मा ने रांची में खेले गए मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने पांच छक्के जड़े थे और अंतरराष्ट्रीय टी20 में अपने छक्कों की संख्या को 147 तक पहुंचा दिया था। रविवार को उनके पास अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 छक्के के आंकड़े को पार करने का शानदार मौका है। अगर वो रविवार को तीन छक्के जड़ने में सफल होते हैं तो इंटरनेशनल टी20 में इस मुकाम पर पहुंचने वाले मार्टिन गप्टिल(161) के बाद दुनिया के दूसरे क्रिकेटर और पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान
रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अबतक 6 बार कप्तानी की है। इस दौरान उन्होंने 252 रन कीवी टीम के खिलाफ बनाए हैं। अगर रविवार को रोहित 36 रन के आंकड़े को पार करने में सफल होते हैं तो वो अंतरराष्ट्रीय टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। वर्तमान में ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन के नाम दर्ज है। मोर्गन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 टी20 मैचों में 287 रन बनाए हैं। इस सूची में तीसरे पायदान पर विराट कोहली हैं जिन्होंने 8 मैच में कीवी टीम के खिलाफ कप्तानी करते हुए 218 रन बनाए हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल