लाइव टीवी

सूर्य कुमार यादव ने तीसरे टी20 में मचाया कोहराम, गेंदबाजों के छुड़ाए छक्के-किया काम तमाम

Updated Feb 20, 2022 | 22:52 IST

भारत के युवा बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 में ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी के दौरान वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
सूर्यकुमार यादव
मुख्य बातें
  • सूर्यकुमार यादव ने खेली 31 गेंद में 65 रन की धमाकेदार पारी
  • अपने टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए सूर्यकुमार ने जड़े सात छक्के
  • वेंकटेश अय्यर के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 गेंद में की 91 रन की साझेदारी

कोलकाता: भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में नई सनसनी बनकर उभरे सूर्य कुमार यादव ने बल्ले से धमाल मचा दिया। 31 गेंद में 65 रन की पारी खेलकर सूर्य कुमार ने न केवल भारतीय टीम को वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर परेशानी से उबारा बल्कि अपनी आतिशी पारी बल पर टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 184 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 13.5 ओवर में 93 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। रुतुराज गायकवाड़(4), ईशान किशन( 34), श्रेयस अय्यर(25) और रोहित शर्मा(7) रन बनाकर पवेलियन लौट चुके थे। ऐसे में सूर्यकुमार ने वेंकटेश अय्यर के साथ मोर्चा संभाला और आखिरी के ओवरों में कैरेबियाई गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए। 
    
वेंकटेश के साथ जोड़े 37 गेंद में 91 रन 
सूर्यकुमार और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ने 37 गेंद में 91 रन की साझेदारी की। आखिरी के पांच ओवरों में दोनों ने (17, 17, 10, 21, 21) 86 रन जड़े। पारी की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार छक्का जड़ने की कोशिश में लपके गए। इसी के साथ भारतीय पारी का अंत हो गया। सूर्यकुमार और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी की आतिशी बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकते है कि अंतिम 12 गेंदों में दोनों ने ताबड़तोड़ 42 रन बनाए जिसमें चार छक्के और 2 चौके शामिल थे। पारी के आखिरी ओवर में सूर्यकुमार ने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर तीन गगनचुंबी छक्के जड़े। 

31 गेंद में बनाए 65 रन, जड़े सात छक्के
जब रोहित शर्मा आउट होकर पवेलियन लौटे तब सूर्यकुमार 13 गेंद में 21 रन बनाकर खेल रहे थे और टीम का स्कोर 93 रन था। लेकिन इसके बाद उन्होंने 27 गेंद में 1 चौके और पांच छक्के की मदद से अपना अर्शशतक पूरा कर लिया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का चौथा अर्धशतक था। आतिशी बल्लेबाजी के साथ-साथ रनों के लिहाज से भी यह सूर्यकुमार की अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी बन गई है। अपनी इस पारी के दौरान सूर्य कुमार ने 1 चौका और सात छक्के जड़े। रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर रोवमैन पॉवेल ने डीप मिड विकेट पर उनका कैच लपका।

केएल राहुल की बराबरी पर पहुंचे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने रविवार को अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का 14वां मैच खेलते हुए चौथा अर्धशतक जड़ा। वो साल 2021 के बाद से अबतक भारत के लिए इंटरनेशनल टी20 में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में साझा रूप से केएल राहुल के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में पहले नंबर पर साझा रूप से विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं दोनों के बल्ले से 5-5 अर्धशतक साल 2021 के बाद से निकले हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल