लाइव टीवी

जब सुशांत सिंह राजपूत से पूछा- 'तुम कभी खेलों में सक्रिय रहे हो', एक्टर ने दिया था मजेदार जवाब

Updated Jul 31, 2020 | 19:48 IST

Sushant Singh Rajput case, 31 July 2020: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर बनी फिल्म को लेकर जब सुशांत से ये पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी खेलों में हिस्सा लिया था। इस पर मिला था मजेदार जवाब।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
Sushant Singh Rajput with MS Dhoni
मुख्य बातें
  • सुशांत सिंह राजपूत का एक मजेदार इंटरव्यू वीडियो वायरल
  • जब उनसे पूछा गया कि क्या वो पहले खेलों में सक्रिय रहे हैं
  • सुशांत ने इस सवाल पर दिया था मजेदार जवाब

Sushant Singh Rajput Case: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं हैं लेकिन वो तमाम यादें अपने पीछे छोड़ गए हैं। 14 जून 2020 को उनकी मौत हो गई। हालांकि इस अभिनेता ने अपनी मेहनत के दम पर कम समय में शानदार काम किया और नाम कमाया। वो तेजी से करियर में आगे बढ़ रहे थे। उन्होंने सबसे ज्यादा नाम जिस फिल्म के दम पर कमाया वो थी- 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी'। उन्होंने फिल्म में धोनी के किरदार को शानदार अंदाज में जिया और फैंस ने इसे पसंद भी किया। एक इंटरव्यू के दौरान उनसे जब पूछा गया कि क्या वो खेलों में सक्रिय रहे हैं तो इस पर सुशांत ने मजेदार जवाब दिया था।

सुशांत सिंह राजपूत ने एमएस धोनी की जिंदगी पर बनी बॉलीवुड फिल्म में बेहतरीन अभिनय किया था। उन्होंने इस रोल के लिए धोनी के साथ काफी समय बिताया था और जमकर मेहनत की थी। उन्होंने खुद को इस रोल के लिए इतनी गहराई से तैयार किया था कि वो शूटिंग खत्म होने तक एक अच्छे क्रिकेटर बन चुके थे। खुद धोनी ने भी उनकी तारीफ की थी और कहा था कि अब सुशांत कम से कम किसी ना किसी स्तर पर क्रिकेट जरूर खेल सकते हैं।

वो मजेदार जवाब

पिछले साल सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'छिछोरे' रिलीज हुई जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिला था। उस फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में कॉमेडियन जाकिर खान ने उनसे व उनके सह-कलाकारों से पूछा कि, 'क्या आप लोग खेलों में सक्रिय रहे हो या कभी कोई खेल खेला है..' इस पर सुशांत ने मजेदार जवाब दिया। सुशांत ने कहा, 'मैंने खेला है..मैंने धोनी किया है भाई।' आमतौर पर जब किसी से उसके पेशे के बारे में पूछा जाता है तो लोग पूछते हैं कि आपने क्या किया है, इस पर जवाब आता है कि मैंने बीए, एमए, इंजिनियरिंग वगैरा की है..सुशांत का जवाब कुछ ऐसा ही था जिसमें वो कहना चाह रहे थे कि उन्होंने धोनी पर पूरी फिल्म की है, इसे सुनकर सब हंसने लगे।

धोनी के साथ समय बिताया तो क्या कुछ हुआ?

इसके बाद जाकिर खान ने ये भी पूछा कि एमएस धोनी पर बनी फिल्म के दौरान जब उन्होंने खुद पूर्व कप्तान के साथ समय बिताया, तो वो अनुभव कैसा था। इस पर सुशांत ने कहा, 'मैंने बहुत मस्ती की, वो महान इंसान हैं। आपको उनकी बातों पर पूरा ध्यान देना होता है, वर्ना आप चूक जाएंगे कि उन्होंने आपसे क्या कहा।'

सुशांत की मौत की खबर पर धोनी क्या बोले

बांद्रा स्थित घर पर जब सुशांत सिंह राजपूत मृत पाए गए तो पूरा देश सन्न रह गया था। एक अच्छा-खासा 34 वर्षीय अभिनेता जो अपने करियर के शानदार मोड़ पर था, वो अचानक कैसे आत्महत्या कर लेता है, ये किसी के गले नहीं उतर रहा था। सबके लिए ये किसी झटके जैसा था। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी उनके जीवन का अहम हिस्सा बने थे और फिल्म बनने के दौरान दोनों ने काफी समय भी साथ बिताया था, ऐसे में धोनी को भी झटका लगा। आमतौर पर खुद को बाहरी दुनिया से अलग रखने वाले धोनी लॉकडाउन के दौरान रांची में अपने परिवार के साथ फार्महाउस पर समय बिता रहे थे।

इस दौरान उनके करीबी व एक निर्देशक का बयान आया जिसने धोनी को फोन करके इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक धोनी ये खबर सुनकर टूट गए, ये उनके लिए बहुत बड़ी व दुखद खबर है। उसके बाद से धोनी ने अब तक इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है। धोनी ने पिछले एक साल से क्रिकेट नहीं खेला है और हाल ही में वो कुछ तस्वीरों में नजर आए थे जब उन्होंने घर पर अपने करीबियों के बीच 7 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाया था।

घटना से कुछ दिन पहले धोनी ने दिया था ये बयान

सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर अब कई तरह के एंगल पर खबरें चल रही हैं और जांच भी जारी है, लेकिन शुरुआती खबरें यही आई थीं कि सुशांत अवसाद (depression) से ग्रसित थे और वो इसका इलाज भी करा रहे थे। धोनी ने भी उस घटना के कुछ ही दिन पहले अपने एक बयान में डिप्रेशन को लेकर बयान दिया था। धोनी ने कहा था कि भारत में मेंटल हेल्थ एक बड़ी समस्या है लेकिन यहां जब लोगों को इसके बारे में बताया जाता है तो वे इसको मानसिक बीमारी से जोड़कर देखने व सोचने लगते हैं जो कि गलत है। गौरतलब है कि डिप्रेशन एक समस्या है जिसका इलाज भी मौजूद है, बस इसके लिए संयमित रहते हुए अपने करीबियों से बात करने व समस्या को साझा करने की जरूरत होती है।

ताजा अपडेट, रिया ने भी चुप्पी तोड़ी

सुशांत सिंह राजपूत के मामले में ताजा ट्विस्ट तब आया जब उनके पिता ने बिहार में एक एफआईआर दर्ज कराई जिसमें उन्होंने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए। सुशांत की मौत के बाद से उनके परिजन शांत थे लेकिन इस ताजा खबर के बाद एक बार फिर खबरों का तूफान आ चुका है। हर जगह इसी केस की चर्चा है। इसी बीच रिया चक्रवर्ती ने भी एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वो इंसाफ की उम्मीद के बारे में बात कर रही हैं और अपने छोटे से बयान में वो अपनी बात सामने रखती दिख रही हैं।

बिहार पुलिस मामले की जांच के लिए मुंबई पहुंच गई और इस पर राजनीतिक बयान भी आने शुरू हो गए हैं। जांच जारी है और सुशांत के फैंस न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल