लाइव टीवी

जब सुशांत ने धोनी को कर दिया था परेशान, 'कैप्‍टन कूल' ने तारीफों से बयां की थी एक युवा अभिनेता की मेहनत

Updated Jun 14, 2020 | 16:46 IST

Sushant Singh Rajput: बॉलीवुड एक्‍टर ने एमएस धोनी बायोपिक के प्रमोशन के दौरान बताया था कि उनके सवालों से 'कैप्‍टन कूल' कितना बोर हो गए थे। एमएस धोनी अपने शांत स्‍वभाव के लिए जाने जाते हैं।

Loading ...
एमएस धोनी और सुशांत सिंह राजपूत
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी बायोपिक एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत ने खुदकुशी की
  • मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट से सुशांत सिंह राजपूत का शव बरामद किया गया
  • एमएस धोनी का किरदार निभाकर सुपरहिट हुए थे सुशांत सिंह राजपूत

मुंबई: 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका निभाने वाले एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को खुदकुशी कर ली। मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर उनका शव पंखे से लटका मिला। वह केवल 34 साल के थे। बॉलीवुड एक्‍टर के आत्‍महत्‍या करने के कारण का अब तक पता नहीं चला है। छोटे पर्दे से बॉलीवुड में कदम रखने वाले सुशांत की सुसाइड की खबर से हर कोई हैरान है। फिल्मी पर्दे पर धोनी बनने के लिए सुशांत ने कड़ी मेहनत की थी। माही की चाल से लेकर बाल तक। बोलने के लहजे से लेकर बल्लेबाजी शैली तक को राजपूत ने आत्मसात किया था।

 यह फिल्म 30 सितंबर 2016 को रिलीज हुई थी। यह फिल्‍म सुपरहिट रही। इस फिल्‍म से जुड़े कई रोचक किस्‍से हैं, जिनमें से एक था सुशांत से धोनी का परेशान होना।

फिल्‍म के प्रचार के समय इस बात का खुलासा हुआ था कि धोनी जैसी चाल-ढाल अपनाने के लिए सुशांत सिंह राजपूत कड़ी मेहनत कर रहे थे। वह धोनी से एक ही सवाल घूमा-घूमाकर अलग-अलग अंदाज में पूछते थे। मुंबई मिरर से बातचीत में बॉलीवुड एक्‍टर ने कहा था, 'मैंने पहली बार एमएस धोनी को आपा खोते देखा था। पहले दो या तीन दिन मैं उनसे सवाल पूछता था और वो शांति से जवाब देते थे। फिर वो बोले- तुम बहुत सवाल करते हो यार। मैं आता हूं वापस। मैं उनसे एक ही सवाल बार-बार अलग-अलग तरह करता था।'

सुशांत से हुए थे परेशान

वहीं एमएस धोनी ने कहा था कि वह अपने बारे में ही बात करके बोर हो जाते थे और सुशांत के लगातार एक जैसे सवाल से वह चिढ़ जाते थे। 'कैप्‍टन कूल' के नाम से मशहूर धोनी ने कहा था, 'सुशांत एक ही सवाल कई बार पूछता था। इससे मुझे चिढ़ हो जाती थी। अगर उसे एक समान जवाब मिले तब वो मानता था कि मैंने ईमानदारी से जवाब दिया और फिर वो अगला सवाल करता था। शुरुआत में अपने आप के बारे में बात करके मुझे बड़ा अजीब लगता था। 15 मिनट के बाद आप अपने बारे में बात करके बोर हो जाते हो और मुझे लगता था कि ब्रेक की जरूरत है, मैं जा रहा हूं।'

तारीफों के पुल बांधे

बहरहाल, एमएस धोनी ने इसके साथ ही सुशांत सिंह राजपूत की तारीफों के पुल भी बांधे थे। धोनी ने कहा था, 'सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्‍म के लिए महीनों कड़ी ट्रेनिंग की है और अब तो वह कई पेशेवर क्रिकेटरों से ज्‍यादा बेहतर बल्‍लेबाजी कर रहे हैं।' सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्‍म में महेंद्र सिंह धोनी का किरदार बखूबी निभाया था और उनकी इस फिल्‍म के बाद खूब तारीफ हुई थी। इस फिल्म को नीरज पांडे ने निर्देशित किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी।

यहां देखिए वो वीडियो

(वीडियो साभार: बॉलीवुड डॉट कॉम)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल